न्यूज डेस्क, अमर उजाला, अलीगढ़।
इंडियन मेडिकल एसोसिएशन स्वास्थ्य जागरूकता संबंधी मेला लगाएगा। इस संबंध में गुरुवार को रामघाट रोड स्थित मित्तल डायग्नोसिस सेंटर पर प्रेसवार्ता कर आयोजन के संबंध में जानकारी दी गई।
आईएमए के अध्यक्ष डॉ. सुनील मित्तल ने बताया कि आज के प्रदूषित वातावरण में पर्यावरण के विषय में जागरूकता पैदा करना हम सभी का कर्तव्य है। बच्चों का टीकाकरण और उनको बीमारियों से बचाने के लिए जागरूकता अभियान चलाया जाएगा। उन्होंने बताया कि 28 जनवरी को धर्मपुर कोर्टयार्ड मैरिस रोड पर मेडिफेस्ट का आयोजन किया जा रहा है।
सचिव डॉ. अवधेश भारद्वाज ने बताया कि कार्यक्रम शाम को चार बजे शुरू होगा। इसमें स्वास्थ्य संबंधी जागरूकता पर पोस्टर स्पर्धा होगी। आईएमए के सदस्यों द्वारा फेट, बच्चों का फैशन शो, लघु नाटिकाएं, संगीत का रंगारंग कार्यक्रम होगा। बीमारियों से बचाव की जानकारी दी जाएगी।
नि:शुल्क ब्लड शुगर चेकिंग कैंप लगाया जाएगा। कोषाध्यक्ष डॉ. विभव वार्ष्णेय ने जनता से अपील की कि बड़ी संख्या में पहुंच कर लाभान्वित हों और सफल बनाएं। इस अवसर पर डॉ. संजीव कुमार, डॉ. राजीव वार्ष्णेय, डॉ. अनुराग गुप्ता, डॉ. प्रदीप बंसल, डॉ. भरत वार्ष्णेय, डॉ. उमा शंकर वार्ष्णेय आदि मौजूद थे।