वीमेंस कालेज में स्टूडेंट यूनियन का चुनाव आज
ब्यूरो, अमर उजाला अलीगढ़।
वीमेंस कॉलेज स्टूडेंट यूनियन का चुनाव आज कॉलेज परिसर स्थित पांच कमरों में बने मतदान केंद्रों पर होगा। करीब 2700 छात्राएं 16 प्रत्याशियों के भाग्य का फैसला करेंगी।
अध्यक्ष पद की उम्मीदवार नेहा किरमानी राजनीति में महिलाओं से संबंधित मुद्दों को नजरअंदाज किये जाने से दुखी हैं। वह अपने कार्यों से यह भी साबित करना चाहती हैं कि महिलाएं परिवर्तन की वाहक बन सकती हैं। अध्यक्ष पद की प्रत्याशी नबा नसीम गौरी लंकेश से बेहद प्रभावित हैं। पीएचडी छात्रों के समर्थन में आयोजित मार्च में भी बढ़ चढ़कर शामिल हुईं। वह अध्यक्ष बनकर छात्राओं के लिए स्वास्थ्य, कॉमन रूम, स्वच्छता, लाइब्रेरी, जिम्नेजियम एवं वाई-फाई सुविधा में विस्तार कराना चाहती हैं।
वहीं अध्यक्ष पद की प्रत्याशी उमामा नसीम छात्राओं की परेशानी से व्यथित हैं। अध्यक्ष बनकर छात्राओं को समस्याओं की मकड़जाल से छुटकारा दिलाना चाहती हैं।
इसी तरह छात्राओं एवं महिलाओं से संबंधित मुद्दे लेकर उपाध्यक्ष पद पर निदा अकरम, मदीहा व सारा दिलशाद मैदान में हैं। सचिव पद पर सादेहा अहमद एवं साजिया इमाम के बीच सीधी टक्कर है। वीमेंस कॉलेज में कैबिनेट सदस्य की आठ सीट के लिए मेहरा नलिनी सिंह, कहकशा समर, शरबा तस्लीम, अरीशा खान, अकरा परवेज, सिब्ते सुघरा, खान आयला, अरुसा अनवर एवं आलिया नाज मैदान में हैं।