डायबिटीज को काबू करने को एक्सरसाइज जरूरी: एडी
ब्यूरो, अमर उजाला अलीगढ़।
अमर उजाला और स्वास्थ्य विभाग द्वारा विश्व डायबिटीज दिवस पर मलखान सिंह जिला अस्पताल में एक जागरूकता गोष्ठी का आयोजन किया गया। इसी के साथ तीन दिवसीय डायबिटीज जागरूकता अभियान का समापन हो गया।
बुधवार को आयोजित कार्यक्रम में अपर निदेशक स्वास्थ्य डॉ. मधु सक्सेना ने कहा कि डायबिटीज में शारीरिक अभ्यास करना बेहद आवश्यक है। भोजन को पचाने के लिए नियमित एक्सरसाइज करें या फिर भोजन ही कम करें। दोनों ही तरीकों से समस्या में लाभ होगा। सीएमओ डॉ. एमएल अग्रवाल ने कहा कि डायबिटीज एक साइलेंट किलर के रूप में फैलता जा रहा है। अनियमित खानपान और दिनचर्या ने इसे बढ़ावा दिया है। आज यह देखा जा रहा है कि छोटे बच्चों को भी डायबिटीज हो रही है। इस ओर ध्यान देने की जरूरत है।
मोहन लाल गौतम जिला महिला अस्पताल की वरिष्ठ चिकित्सक डॉ. नाहिद रिजवी ने कहा कि गर्भवती महिलाओं को डायबिटीज पर नियंत्रण रखना बेहद जरूरी है। ऐसा नहीं होने पर पैदा होने वाला बच्चा कई तरह की जन्मजात बीमारियों की चपेट में आ सकता है और आगे चलकर उसे भी डायबिटीज होने की संभावना हो सकती है। जिला अस्पताल के सीएमएस डॉ. राम किशन ने कहा कि आजकल बच्चों में, खिलाड़ियों में डायबिटीज हो रही है। लेकिन वह उसे नियंत्रित कर एक स्वस्थ जीवन जी रहे हैं। उन्होंने कहा कि डायबिटीज से घबराने की जरूरत नहीं है। जीवन को जिंदादिली से जिएं तो यह कुछ भी नहीं है। वरिष्ठ चिकित्सक डॉ. दीपक वार्ष्णेय ने बड़े ही रोचक तरीके से एबीसीडी के माध्यम से डायबिटीज के संबंध में जानकारी दी। उन्होंने इससे जुड़ी भ्रांतियों जैसे नीम और करेले से डायबिटीज दूर हो जाती है, इसको भी दूर किया। साथ ही यह भी बताया कि किन उपायों को अपना कर हम एक स्वस्थ जीवन जी सकते हैं।
समापन डा. एसपी सिंह, (नोडल अधिकारी एनसीडी) द्वारा किया गया। उन्होंने नान कम्यूनिकेबल डिसीज के बारे में विस्तार से बताया तथा लोगों को अपने स्वास्थ्य के प्रति सजग रहने के लिए कहा। इस अवसर पर जिला मलेरिया अधिकारी डॉ. राहुल कुलश्रेष्ठ, एसीएमओ डॉ. एसपी सिंह, डॉ. कुलदीप कुमार, विनयकांत अग्निहोत्री, स्वास्थ्य विभाग के एनसीडी सेल की वित्तीय सलाहकार रागिनी सिंह, प्रवेश कुमार वार्ष्णेय, स्वास्थ्य कार्यकर्ता डॉ. हरी सिंह यादव, हरी बाबू बघेल, पीएसआई डॉ. उमर फारूक, उड़ान सोसायटी से ज्ञानेंद्र मिश्रा, दुर्बल वर्ग उत्थान समिति से संजय कुमार, आरएनटीसीपी रविंद्र हरकुट, मनोज शर्मा, फैज मोहम्मद, गिरीश चंद्र आदि मौजूद थे।