हेल्मेट भी न बचा सका शिक्षक की जान
ब्यूरो, अमर उजाला अलीगढ़।
महानगर के रामघाट रोड पर किशनपुर तिराहे के निकट मंगलवार की सुबह बाइक सवार एक शिक्षक को आरएएफ की मिनी बस ने कुचल दिया। हादसा इतना भयंकर था कि सर पर लगा हेल्मेट भी उसकी जान नहीं बचा पाया। शिक्षक का सिर भी बुरी तरह कुचल गया। इससे उक्त शिक्षक की मौके पर ही मौत हो गई। घटनास्थल पर काफी भीड़ लग गई। सूचना पाकर पुलिस भी मौके पर पहुंच गई। मिनी बस चालक को हिरासत में ले लिया है।
स्थानीय बेगमबाग निवासी अवनीश सक्सेना अतरौली के प्राइमरी स्कूल रायपुर में तैनात थे। मंगलवार की सुबह जब वह अपने घर से बाइक से विद्यालय जा रहे थे तो शहर में किशनपुर तिराहे के निक ट आरएएफ की मिनी बस ने उन्हें कुचल दिया। हादसे से सिर पर लगे हेल्मेट के साथ सिर चकनाचूर हो गया।
इस कारण अवनीश की मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद वहां काफी भीड़ लग गई और पुलिस भी मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने आरएएफ के मिनी बस चालक को गिरफ्तार कर लिया है। घटना की सूचना मिलने पर मृतक के परिजन भी मौके पर आ गए। पूरे दिन उसके घर पर कोहराम मचा रहा।
जहर खाकर की खुदकुशी
अलीगढ़। थाना चंडौस क्षेत्र के गांव एलमपुर निवासी अनीता ने प्रेम संबंधों में हुई अनबन के चलते जहर का सेवन कर लिया। उपचार को यहां लाते समय उसकी मौत हो गई। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम कराया है।