बारिश से रोडवेज बस स्टैंड बना ताल तलैया
ब्यूरो, अमर उजाला, अतरौली।
बृहस्पतिवार को हुई बारिश ने गर्मी से राहत दिला दी है। किसानों के चेहरों पर भी खुशी की एक झलक आ गई है। इस बारिश से मक्का बाजरा की फसल में भारी फायदा पहुंचेगा। वहीं बारिश से रोडवेज बस स्टैंड ताल तलैया बन गया है। बारिश का पानी भर जाने से यात्रियों को भारी दिक्कत का सामना करना पड़ा है।
अतरौली के पैंठ चौराहे पर 1992 में पूर्व मुख्यमंत्री कल्याण सिंह ने रोडवेज बस स्टैंड बनवाया था। रोडवेज बस स्टैंड आज अपने हाल पर आंसू बहा रहा है।
यहां न तो पीने के पानी की सुविधा है, न ही यात्रियों के बैठने की। बस स्टैंड स्थल सड़क से करीब एक फुट नीचे हो गया है। इससे यहां बारिश होते ही पानी भर जाता है।
पानी का कहीं निकास भी नहीं है। यहां आने वाले यात्रियों को पानी भर जाने से भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ता है। गुरुवार को भी पानी भर जाने से काफी परेशानी हुई।
बसें आईं जरूर, लेकिन यात्री पैंठ चौराहे से ही बसों में बैठे। डिपो प्रभारी आरपी गुप्ता का कहना है कि बारिश में फील्ड नीचा होने के कारण पानी भर जाता है। यात्रियों के बैठने की सुविधा यहां मौजूद है।