सोमवार से 15 से 18 वर्ष आयु वर्ग के किशोरों को कोरोनारोधी वैक्सीन लगाई जाएगी। जनपद में अनुमानित तौर पर इनकी संख्या करीब तीन लाख है। जिले में किशोरों को कोवाक्सिन टीका लगाया जाएगा। जेएन मेडिकल कॉलेज, मलखान सिंह जिला अस्पताल के अतिरिक्त शहरी प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र केके जैन, नौरंगाबाद, घंटर चौक और महफूज नगर में टीकाकरण की व्यवस्था की गई है। जिला प्रतिरक्षा अधिकारी डॉ. एमके माथुर ने बताया कि ग्रामीण क्षेत्रों में छर्रा, इगलास, लोधा और चंडौस में वैक्सीन लगाने की व्यवस्था की जा रही है। पांच जनवरी से कुछ अन्य जगहों पर वैक्सीन लगाने की व्यवस्था की जाएगी।
बाल रोग विशेषज्ञ डॉ. विकास मेहरोत्रा कहते हैं कि हम लोग तीसरी लहर का सामना कर रहे हैं। आने वाले समय में इसमें वृद्धि की आशंका है। लेकिन हमें डरने की जरूरत नहीं है। पहली एवं दूसरी लहर ने हमें बहुत कुछ सिखाया है। राहत की बात यह है कि देश में 145 करोड़ लोगों को वैक्सीन (पहली व दूसरी डोज) लग चुकी है। डॉ. विकास ने कहा कि ओमिक्रॉन वैरिएंट तेज गति से फैलता है। इसलिए किशोरों को वैक्सीन जरूर लगवाएं। मास्क एवं दो गज दूरी के नियम का पालन करें। हाथ धोते रहें। पौष्टिक आहार लें। व्यायाम एवं योग आदि करते रहें।
मधुमेह व अन्य गंभीर रोगियों को खतरा
डॉ. विकास मेहरोत्रा कहते हैं कि ओमिक्रॉन को हल्के में न लें और किसी तरह की लापरवाही नहीं करें। अभी यह देखने में आ रहा है कि इसमें मरीजों को अस्पताल में भर्ती करने की नौबत नहीं आ रही है। घर में रहकर ही लोग ठीक हो रहे हैं। मधुमेह, बीपी, किडनी, लीवर, अस्थमा, कैंसर जैसे गंभीर बीमारियों से पीड़ित व्यक्ति को कोरोना से ज्यादा खतरा है। जिले, प्रदेश एवं देश में इनकी संख्या काफी है। हमें इसके फैलाव को रोकने के लिए हर कोशिश करनी होगी।