कृष्णांजलि में मुख्यमंत्री योगी ने जमकर की कल्याण की तारीफ
ब्यूरो, अमर उजाला, अलीगढ़।
पूर्व मुख्यमंत्री एवं वर्तमान में राजस्थान के राज्यपाल कल्याण सिंह के प्रयासों को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के कौशल विकास से जोड़कर योगी आदित्यनाथ सरकार पश्चिमी उत्तर प्रदेश में रोजी-रोजगार के नए अवसर सृजित करेगी। इसकी घोषणा मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने की।
सोमवार को मंडल की समीक्षा करने से पहले योगी आदित्यनाथ ने कृष्णांजलि नाट्यशाला में पूर्व मुख्यमंत्री कल्याण सिंह के शासन काल की जमकर तारीफ की। उन्होंने कहा कि अलीगढ़ ने प्रदेश को यशस्वी मुख्यमंत्री दिया है। सुशासन की बात करें तो कल्याण सिंह का शासन काल मानक बना हुआ है। मुख्यमंत्री ने कहा कि मुझे याद है कल्याण सिंह ने अलीगढ़ के ताले को कुटीर उद्योग के रूप में विकसित करने के लिए कार्ययोजना तैयार की थी।
उसकी वजह से हजारों नौजवानों को रोजगार मिला था। अलीगढ़ का ताला उद्योग पहले से ही विख्यात है। पीतल की मूर्ति ढलाई में भी अब अलीगढ़ अंतरराष्ट्रीय स्तर पर विख्यात हुआ है। पीतलनगरी के नाम से विख्यात मुरादाबाद एवं खुर्जा का उल्लेख करते हुए उन्हाेंने कहा कि पश्चिमी उत्तर प्रदेश का प्रत्येक शहर किसी न किसी विद्या के लिए विख्यात है।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के कौशल विकास से जोड़कर ईमानदारी से काम प्रारंभ करने की जरूरत है, ताकि 20-25 वर्ष पहले कल्याण सिंह ने जो प्रयास किया था, उसे नई गति देकर आगे बढ़ाया जा सके।