माहेश्वरी वंशोत्पत्ति दिवस: प्रभात फेरी में गूंजे भगवान महेश के जयकारे
ब्यूरो, अमर उजाला, अलीगढ़।
दि माहेश्वरी समाज, अलीगढ़ ने धूमधाम से 5150वां माहेश्वरी वंशोत्पत्ति दिवस मनाया। शनिवार सुबह आठ बजे शहर में प्रभात फेरी निकाली गई, जिसमें भगवान महेश के जयकारों की गूंज रही। कार्यक्रम का उद्घाटन कोलकाता से आए वरिष्ठ उद्योगपति एवं समाजसेवी कमल गांधी ने किया। मुख्य अतिथि के रूप में उद्योगपति व भाजपा के जिला प्रभारी रजनीकांत माहेश्वरी मौजूद रहे।
वहीं विशेष अतिथि के रूप में जोधपुर के डीआईजी बीएसएफ रवि गांधी व भोपाल एसएसपी अनिल माहेश्वरी मौजूद रहे। कार्यक्रम में दो दिवसीय पुण्य स्मृति क्रिकेट मैच प्रतियोगिता समेत सांस्कृतिक कार्यक्रम, सम्मान समारोह व सहभोज हुआ। संचालन मदन मोहन तापड़िया ने किया।
सुबह सात बजे हवन एवं भगवान महेश का रुद्राभिषेक सुबह सात बजे हुआ। इसके बाद सराय मानसिंह स्थित श्री महेश मंदिर माहेश्वरी पंचायत से प्रभात फेरी निकाली गई, जिसमें मां काली समेत मन मोहक झांकियां शामिल थीं। प्रभात फेरी का जयगंज, सासनीगेट समेत चार स्थानों पर पुष्पों से स्वागत किया गया, जो सासनीगेट स्थित माहेश्वरी कॉलेज पर संपन्न हुई।
कार्यक्रम के मुख्य संयोजक पुरुषोत्तम दास चांडक, सहसंयोजक हरीमोहन मोहता, पीयूष भूतड़ा, सुधीर हरकुट, आलोक डॉगरा, बिहारी सराफ, प्रदीप डॉगरा, संजय मोहता, अशोक गांधी, देवेंद्र गांधी, बृज नंदन माहेश्वरी, श्री माहेश्वरी दर्पण के उपसंपादक आयुष माहेश्वरी, विनोद चांडक, देवेंद्र गांधी, देवकी नंदन व माहेश्वरी क्रिएटिव क्लब के संरक्षक संजय माहेश्वरी, श्रीराम हरकुट, गोविंद मोहता मौजूद रहे।
कलाकारों ने मचाई धूम
कार्यक्रमों में स्व. मदन लाल, माधो प्रसाद गांधी की पुण्य स्मृति में नृत्य व गायन की प्रतियोगिता हुई। इसमें 15 कलाकारों ने नृत्य व दो कलाकारों ने संगीत की प्रस्तुति दी। प्रस्तुति देख मौके पर मौजूद लोग मंत्रमुग्ध हो गए। उन्होंने तालियों की गड़गड़ाहट से कलाकारों का अभिनंदन किया। इस मौके पर मेधावी विद्यार्थी सम्मान समारोह में 11 छात्राओं को सम्मानित किया गया। इसमें हाईस्कूल, इंटर में 90 प्रतिशत व ग्रेजुएट, पोस्ट ग्रेजुएट में 70 प्रतिशत अंक प्राप्त करने वालों को शॉल ओढ़ाकर सम्मानित किया। वहीं रात आठ बजे से समाज के करीब दो से ढाई हजार लोगों ने एक साथ सहभोज किया। यह कार्यक्रम सासनीगेट स्थित माहेश्वरी कॉलेज में हुआ।
भगवान महेश का किया दुग्धाभिषेक
अलीगढ़। माहेश्वरी समाज के वंशोत्पति दिवस पर माहेश्वरी क्रिएटिव क्लब की ओर से माहेश्वरी पंचायत मंदिर में भगवान महेश का पंचामृत के साथ दुग्धाभिषेक किया गया। इस दौरान क्लब के संरक्षक संजय माहेश्वरी, अध्यक्ष राजीव माहेश्वरी, प्रवीन, दीपक माहेश्वरी, बृजमोहन भट्टर व आयुष माहेश्वरी मौजूद रहे।