न्यूज डेस्क, अमर उजाला, अलीगढ़।
श्री जाहरवीर बाबा मंदिर वार्षिक कार्यक्रम कमेटी की ओर से हर वर्ष की तरह इस वर्ष भी शनिवार को भदेसी रोड स्थित जाहरवीर मंदिर पर गरीब कन्याओं का विवाह कराया जाएगा। लेकिन, इस वर्ष खास बात यह है कि एक मुस्लिम युवती एक हिंदू युवक के साथ सात फेरे लेकर हिंदू रीति रिवाज के साथ शादी कर एकता की मिसाल कायम करेगी।
मंदिर समिति के अध्यक्ष रोहतास गुप्ता ने बताया कि इस वर्ष तीन कन्याओं का विवाह कराया जा रहा है। हिंदू रीति रिवाज के साथ पूरी प्रक्रिया संपन्न होगी। समिति द्वारा दान-दहेज दिया जाएगा। बताया कि कुछ दिन पहले खैर रोड स्थित लाल मस्जिद निवासी अफसाना के परिजन उनके पास आए।
उन्होंने दिल्ली निवासी हिंदू युवक अभिषेक से शादी कराने की बात कही। इसके अलावा दो कन्याओं का और विवाह होगा। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में कोल विधायक अनिल पाराशर और पूर्व मेयर शकुंतला भारती मौजूद रहेंगे। भदेसी रोड स्थित भजन बिहार कालोनी में आज शुक्रवार को दोपहर 12 बजे से कार्यक्रम का आयोजन किया जाएगा।