न्यूज डेस्क, अमर उजाला, अलीगढ़।
उत्तर प्रदेश महिला आयोग की उपाध्यक्ष सुषमा सिंह ने कहा कि आज का समय नारी का है। बालिकाएं तेजी हर क्षेत्र में आगे बढ़ रही हैं। ट्रेन से लेकर लड़ाकू विमान महिलाएं उड़ा रही हैं।
मंगलवार को वे डीएस कॉलेज में आयोजित अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद के मिशन साहसी कार्यक्रम में बोल रही थीं। उन्होंने छात्राओं से कहा कि इंटरनेट का प्रयोग करें, लेकिन वह सोशल मीडिया का ज्यादा प्रयोग करने से बचें। विशिष्ट अतिथि इंजी. जगमोहन गुप्ता ने कहा कि मिशन साहसी परीक्षा से छेड़छाड़ सहित अन्य सामाजिक विकृतियों का मुकाबला किया जा सकता है।
कथा व्यास हेमलता शास्त्री ने कहा कि अहिंसा के रास्तों से देश को आगे नहीं ले लाया जा सकता, उसके लिए शक्ति भी आ सकती है। यह शक्ति मातृशक्ति है, जिसके एक हाथ में चंडी का तलवार है और दूसरे हाथ में मां सरस्वती की पुस्तक है।
मुख्य वक्ता डॉ. पुष्पेंद्र पचौरी ने कहा कि देश में हमेशा मातृशक्ति की पूजा होती रही है। दीपावली के पूजन विधि मां लक्ष्मी की पूजा होती है। बिना मातृशक्ति के देश का विकास नहीं हो सकता। मातृ शक्ति को आगे लाना ही होगा। विद्यार्थी परिषद यही कार्य कर रही है। कार्यक्रम में कमिश्नर अजयदीप सिंह, कार्यक्रम अध्यक्ष महेश अग्रवाल ने विचार व्यक्त किए। संचालन विद्यार्थी परिषद के प्रदेश मंत्री योगेंद्र वर्मा ने किया।
इस मौके पर महानगर अध्यक्ष वीरेंद्र वार्ष्णेय, गीतिका अग्रवाल, बांके बिहारी बंसल, दुर्गा ठाकुर, मधुर माहेश्वरी, विभाग संयोजक नानक राजपूत, जिला संयोजक सीटू चौधरी, कुश कटारा, शिवानी पचौरी, खुशबू, जूली, जागृति, प्रीति, शीतल, उमा, अंकित शर्मा, हरिओम शर्मा, अंजलि, रिषभ चौधरी, अरुण शर्मा, पंकज आर्य, राहुल सिंह, शुभम शर्मा आदि मौजूद रहे।
सात दिनों में छात्राओं ने सीखे आत्म रक्षा के गुर
डीएस कॉलेज में अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद का मिशन साहसी कार्यक्रम के तहत सात दिनों तक छात्राओं ने आत्म रक्षा के गुर सीखे। डीएस कॉलेज सहित आसपास के कॉलेज की 3800 छात्राओं ने आत्म रक्षा के गुर सीखे। बिना हथियार के पेन, चिमटी से स्वयं को कैसे सुरक्षित रख सकती हैं। इसके तरीके बताए गए।