न्यूज डेस्क, अमर उजाला, अलीगढ़।
शहर में खाली पडे़ प्लाटों में कूड़ा डंप होने की शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए नगर आयुक्त ने घोषणा की है कि ऐसे प्लाटों की बाउंड्री वाल एक सप्ताह में नहीं हुई तो उन्हें सार्वजनिक संपत्ति घोषित कर दिया जाएगा।
शुक्रवार को पला साहिबाबाद में निरीक्षण के दौरान दिन में भी स्ट्रीट लाइटें जलती देखकर नगर आयुक्त सत्य प्रकाश पटेल ने कड़ी नाराजगी जताई और पथ प्रकाश प्रभारी को फटकारा।
पला साहिबाबाद में नालियों के भरे होने व सड़क पर झाडू़ नहीं लगने पर क्षेत्रीय सेेनेटरी सुपरवाइजर पर 100 रुपये जुर्माना तथा स्वच्छता निरीक्षक का स्पष्टीकरण लेने के निर्देश नगर स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. शिव कुमार को दिए हैं।
पला साहिबाबाद क्षेत्र में खाली प्लाटों में कूड़ा पड़ा देखा तो नगर आयुक्त का पारा हाई हो गया। मौके पर नगर स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. शिव कुमार को निर्देशित किया गया कि तत्काल ऐसे प्लाट स्वामी के खिलाफ जुर्माने की कार्रवाई करते हुए एक सप्ताह में बाउंड्री कराने की हिदायत दी है। उन्होंने कहा कि अगर ऐसा नहीं किया गया तो इस संपत्ति को सार्वजनिक संपत्ति घोषित कर दिया जाएगा।
इस दौरान कालीदह पोखर पर अवैध कब्जे पर सख्त रुख अपनाते हुए संपत्ति अधिकारी को निर्देशित किया कि कब्जा करने वालों के खिलाफ कार्रवाई की जाए।
कालीदह पोखर का पूरा नक्शा व पैमाइश की मूल पत्रावली उनके समक्ष प्रस्तुत की जाए। निरीक्षण के समय नगर स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. शिव कुमार, सहायक अभियंता निर्माण अतर सिंह, अवर अभियंता निर्माण अमरीश वर्मा, स्वच्छता निरीक्षक रामबाबू चौधरी, क्षेत्रीय पार्षद पति आदि साथ थे।