पशुओं से भरी मेटाडोर लूटकर भागे बदमाश पीआरवी ने दबोचे
ब्यूरो, अमर उजाला, अलीगढ़।
लोधा इलाके में हाईवे बाईपास पर पशुओं से भरी मेटाडोर शनिवार को दिनदहाड़े स्कार्पियो सवार बदमाशों ने लूट ली। गभाना की पीआरवी के कर्मचारियों ने कुछ ही देर में घेराबंदी कर स्कार्पियो सवार बदमाशों को दबोच लिया और मेटाडोर भी बरामद कर ली। एसएसपी ने सिपाहियों को सम्मानित करने का ऐलान किया है। वहीं जांच के दौरान मामला लूट का न होकर आपसी विवाद का निकलकर आया है।
शनिवार दोपहर कंट्रोल रूम को सूचना मिली कि पशुओं से भरी मेटाडोर को लोधा हाईवे पर लूट लिया गया है। स्कार्पियो सवार बदमाश उसे लूटकर खुर्जा की ओर भागे हैं। तत्काल एसएसपी ने वायरलेस पर कहा कि जो भी इन बदमाशों को पकड़ेगा, उसे सम्मानित किया जाएगा।
गभाना की यूपी-100 की पीआरवी पर तैनात पुलिसकर्मी मनीष ने ट्रक और कार का पीछा शुरू कर दिया। लगभग एक घंटे बाद दोरऊ मोड़ पर स्कार्पियो को रोककर कब्जे में ले लिया गया। थोड़ी दूरी पर पशुओं से भरी मेटाडोर को भी पकड़ लिया। सूचना पर थाना पुलिस मौके पर आ गई। ट्रक व स्कार्पियो बरामदगी की खबर तत्काल कप्तान को दी गई।
उन्होंने 100 डायल के पुलिसकर्मियों को एक-एक हजार रुपये से सम्मानित करने का ऐलान किया। इधर, सूचना देने वाले का नाम असगर बताया गया। कार सवारों के नाम पुलिस ने इकराम, नौशाद, मौनेश व आरिफ बताए गए। हालांकि देर शाम जांच में साफ हुआ कि मामला लूट का नहीं, बल्कि देनदारी के विवाद का था। पुलिस अब जांच में जुटी है। इधर, पीआरवी पर तैनात कर्मी राकेश कुमार, मोनू व मनीष को सम्मानित करने की तैयारी है।
सूचना पर तत्काल हरकत में आए पुलिस कर्मियों को सम्मानित किया जाएगा। इस तरह से उनका मनोबल बढ़ता है। - राजेश पांडेय, एसएसपी