महिला की मौत पर दहेज हत्या का आरोप, हंगामा
ब्यूरो,अमर उजाला,अलीगढ़।
जेएन मेडिकल कॉलेज में भर्ती एक विवाहिता ने सोमवार की रात में उपचार के दौरान जब दम तोड़ दिया तो उसके परिजनों ने दहेज हत्या का आरोप लगाते हुए जमकर हंगामा किया। इसके बाद पुलिस ने ससुरालीजनों के खिलाफ दहेज हत्या की रिपोर्ट दर्ज की है। इस महिला ने आठ दिन पहले ही बच्ची को जन्म दिया था।
थाना जवां क्षेत्र के गांव पड़की निवासी सोरन सिंह की शादी संगीता (25 वर्ष) पुत्री रामरक्षपाल निवासी शहाजहांपुर के साथ वर्ष 2014 को हुई थी। आठ दिन पहले संगीता ने एक बच्ची को जन्म दिया।
इसके बाद रविवार को जब उसकी तबियत खराब हो गई तो वहां से इस महिला की हालत सीरियस बताकर उसे मेडिकल कॉलेज भेज दिया गया। सोमवार की रात में उपचार के दौरान उक्त महिला ने मेडिकल कॉलेज में दम तोड़ दिया। मंगलवार को उसके परिजन यहां आए। इन लोगों ने आरोप लगाया कि संगीता की दहेज की मांग पूरी न होने पर हत्या की गई है।
इन लोगों ने जमकर हंगामा भी किया। स्थिति को देखते हुए इस मामले में संगीता के ससुरालीजनों के खिलाफ दहेज हत्या की रिपोर्ट दर्ज की गई है। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराया है।
नवविवाहिता ने की खुदकुशी
एक नवविवाहिता ने फांसी पर झूलकर खुदकुशी कर ली। थाना बन्नादेवी इलाके के बरौला जाफराबाद में तुलसी पत्नी बिन्नानी की शादी तीन माह पहले हुई थी। उसका पति हलवाई है। मंगलवार को अज्ञात कारणों के चलते तुलसी ने फांसी लगाकर खुदकुशी कर ली। मौके पर इलाका पुलिस भी पहुंच गई। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा है। बता दें कि तुलसी का मायका डिबाई में है। पुलिस ने परिजनों को सूचना दे दी है।