नगर निगम पहुंची आबकारी विभाग की टीम
ब्यूरो,अमर उजाला, अलीगढ़।
शहर में हाईवे का नियम लागू होने के बाद बंद की गई शराब की दुकानों और बार को फिर से खोलने के क्रम में औपचारिक जानकारी इकट्ठा करने आबकारी विभाग की टीम नगर निगम पहुंची।
नगर आयुक्त से मुलाकात कर शहर की सीमा, सड़कों आदि के संबंध में जानकारी मांगी। आबकारी विभाग की टीम को नगर निगम की ओर से नक्शा, सड़कों की एक दूसरे से दूरी आदि अन्य विवरण उपलब्ध कराया गया है।
हाईवे की जद में आने वाली जिले की 66 देशी, विदेशी शराब और बीयर की दुकानों को बड़ी राहत दी गई है। शासन के अपर मुख्य सचिव दीपक त्रिवेदी की ओर से इस संबंध में मंगलवार को आदेश जारी कर दिया गया था।
जिलाधिकारी को दिए गए आदेश में अपर मुख्य सचिव ने कहा था कि राजस्व हित में सूबे के म्यूनिसिपल क्षेत्रों में लाइसेंस धारकों के व्यवस्थापन व दुकानों के संचालन के लिए नियमानुसार कार्यवाही करें।
आदेश के लागू होने के बाद देशी शराब की 47, अंग्रेजी शराब की 6 बीयर की नौ दुकानें, गांधी पार्क बस स्टैंड पर इंडिया बार और रूबी बार फिर से शुरू हो जाएंगेे। नगरीय क्षेत्र की सीमा, विभिन्न स्थानों से सड़कों की दूरी, प्रमुख स्थल आदि का विवरण जुटाने बुधवार को आबकारी निरीक्षक सहित आबकारी विभाग की टीम नगर निगम पहुंची। टीम ने सबसे पहले नगर आयुक्त संतोष कुमार शर्मा से मुलाकात की। इसके बाद टीम ने संबंधित पटलों पर जाकर विवरण इकट्ठा किया।