अभी खत्म नहीं हुई है बगावत..
ब्यूरो, अमर उजाला, अलीगढ़।
भाजपा नेता एवं जिला पंचायत अध्यक्ष उपेंद्र सिंह नीटू के खिलाफ शुरू हुई बगावत अब तक खत्म नहीं हुई है। पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष एवं वर्तमान में जिपं सदस्य चौ. सुधीर सिंह की अगुवाई में विपक्षी खेमे ने सोमवार को जिलाधिकारी ऋषिकेश भास्कर याशोद से मुलाकात कर रायशुमारी की।
इस प्रतिनिधि मंडल ने जिलाधिकारी से जानना चाहा था कि नये सिरे से अविश्वास प्रस्ताव कैसे लाया जाए..? इसकी विधिक प्रक्रिया कैसे शुरू की जाए। इस पर जिलाधिकारी ने कहा कि वह अपने वकीलों से संपर्क कर पूरा घटनाक्रम बताएं और उन्हीं से राय ले लें। सुधीर चौ. सिंह के साथ अजित गौड़, एडवोकेट दिनेश सिंह और पूर्व जिला पंचायत सदस्य पति शिव नारायण शर्मा भी साथ थे। सुधीर सिंह ने कहा कि हर हाल में अविश्वास प्रस्ताव आएगा। इसे कोई रोक नहीं पाएगा।
जिला पंचायत अध्यक्ष उपेंद्र सिंह नीटू के खिलाफ अविश्वास प्रस्ताव की शुरुआत पहली जुलाई को हुई थी। विरोधी खेमे ने 29 जिपं सदस्यों के समर्थन शपथ पत्र देकर इसका एलान किया था। जवाब में नीटू खेमे ने 34 जिपं सदस्यों के समर्थन शपथ पत्र दिए थे।
विरोधी खेमे की ओर से दाखिल प्रस्ताव में चार जिपं सदस्यों के हस्ताक्षर उनके नामांकन पत्र से नहीं मिले थे, उनके शपथ पत्र दोबारा से आने के बाद जिलाधिकारी ने 29 जुलाई अविश्वास प्रस्ताव की तारीख तय कर दी थी।
इसके बाद विरोधी खेमे ने अलीगढ़, लखनऊ हाईकोर्ट बेंच और इलाहाबाद हाईकोर्ट बेंच में केविएट दाखिल कर दी थी, ताकि जिपं अध्यक्ष अगर अविश्वास प्रस्ताव पर कोई स्टे लेना चाहें तो उनका पक्ष भी सुना जाए। हुआ भी यही दोनों पक्षों की दलील सुनने के बाद हाईकोर्ट इलाहाबाद ने अविश्वास प्रस्ताव की प्रक्रिया को ही गलत बता दिया था।