ट्रांसफार्मर की सीटी वर्स्ट, मरीज बिलबिलाए
ब्यूरो, अमर उजाला, अलीगढ़।
शनिवार की रात मलखान सिंह जिला अस्पताल के ट्रांसफार्मर की सीटी वर्स्ट होने से अस्पताल में बिजली आपूर्ति का संकट हो गया। इसके साथ ही रविवार को भी पेड़ की टहनी लाइन पर गिरने से तार टूट गए, जिससे बिजली आपूर्ति प्रभावित हुई।
इसके चलते उमस भर्री गर्मी में मरीजों के साथ उनके तीमारदार भी बिलबिला कर रह गए। मलखान सिंह जिला अस्पताल में 33 केवी लाइन से सीधे सप्लाई है। यहां पर बिजली घर भी अस्पताल के लिए ही बनाया गया है।
शनिवार की रात को बिजली घर में लगे ट्रांसफार्मर की सीटी वर्स्ट हो गई। इसके चलते यहां पर बिजली आपूर्ति ठप हो गई। सीटी को किसी प्रकार सही किया गया लेकिन मरीजों की समस्या अभी समाप्त नहीं हुई थी।
रविवार की सुबह जिला अस्पताल को आने वाली लाइन पर पेड़ की बड़ी टहनी टूट कर गिर गई। इससे तार टूट गए और बिजली आपूर्ति एक बार फिर से ठप हो गई।
एसडीओ बारहद्वारी करमवीर सिंह ने बताया कि जिस लाइन पर पेड़ की टहनी टूट कर गिरी, पेट्रोलिंग के बाद फाल्ट तलाश कर लाइन को ठीक कर लिया गया। इसके बाद अब बिजली आपूर्ति सुचारु है।
दूसरी ओर रविवार की दोपहर के बाद 11 केवी कासिम नगर का फीडर भी ब्रेक हो गया। इसके चलते क्षेत्र की बिजली आपूर्ति ठप हो गई। बाद में बिजली विभाग की टीम ने पेट्रोलिंग करके फाल्ट को तलाश किया, जिसके बाद उसे सही किया जा सका।
बिजली उपभोक्ता पूरे कागज रखें
बिजली चोरी रोकने के क्रम में चल रहे अभियान को ध्यान में रखते हुए नगरीय विद्युत वितरण खंड प्रथम बारहद्वारी के उपभोक्ताओं से अपील की गई है कि उपभोक्ता अपने पास बिजली का बिल और जरूरी दस्तावेज रखें।
जिससे बिजली विभाग की टीम जब उनके पास पहुंचे तो कागज दिखाए जा सकें। इसके साथ ही मीटरिंग, बिलिंग, लास रिडक्शन के लिए अभियान चलाया जा रहा है। साथ ही केबल में कट या मीटर से पहले केबल खराब है तो उसकी व्यवस्था स्वयं कर लें।