जिले भर में सिंथेटिक दूध के खिलाफ अभियान शुरू
ब्यूरो, अमर उजाला अलीगढ़।
चंडौस के गांव नवाबपुर में बुधवार को कृत्रिम दूध का कारोबार पकड़ में आने के बाद दूध माफिया की जिले भर में तलाश आरंभ हो गई है। खाद्य सुरक्षा विभाग ने अपने सभी क्षेत्रीय फूड सेफ्टी अफसरों को सक्रिय कर दूध की डेयरियाें एवं विक्रेताओं की निगेहबानी शुरू कर दी है। वहीं गत दिवस की कार्रवाई में लिए गए दूध, क्रीम, पेस्ट, ग्लूकोस आदि के सातों नमूनों को कवरिंग लेटर के साथ प्रयोगशाला भेजा गया है।
एसडीएम को मिली शिकायत के आधार पर पुलिस एवं एफडीए की टीम ने बुधवार को चंडौस के गांव नवाबपुर में छापा मारकर बड़े पैमाने पर चल रहा कृत्रिम दूध का जखीरा पकड़ा था। तीन लोगों को मौके से ही गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया था। चार आरोपी फरार हो गए थे।
मुख्य खाद्य सुरक्षा अधिकारी धर्मेंद्र द्विवेदी ने बताया कि जनपद में क्षेत्रीय एफएसओ को सतर्क कर दूध कलेक्शन सेंटर, डेयरी एवं फुटकर कारोबारियों के यहां आने वाले दूध की चेकिंग के आदेश कर दिए हैं। नवाबपुर मामले में पता लगाने की कोशिश हो रही है कि वे दूध को कहां खपाते थे और इस कारोबार से किन-किन लोगों के तार जुड़े हैं।