रेलवे में नौकरी लगवाने के नाम पर गांव नगला हरजी निवासी अरुण कुमार से 14 लाख रुपये की ठगी का मामला सामने आया है। पीड़ित ने गांव के श्रीपाल, नौरंगाबाद निवासी अभिषेक और मुजफ्फरनगर के कमालपुर निवासी रजनीश के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई है।
अरुण के अनुसार उसका भांजा अभय कुमार बचपन से उसके पास रहता है। आरोप है कि श्रीपाल ने खुद को रक्षा मंत्रालय का कर्मचारी बताते हुए अभय की रेलवे में नौकरी लगवाने का भरोसा दिया। उसने अलीगढ़ में अभिषेक और रजनीश से मुलाकात कराई। तीनों ने विभागीय परिचय पत्र दिखाकर नौकरी के लिए 14 लाख रुपये मांगे।
पीड़ित ने 2025 में अलग-अलग किस्तों में करीब आठ लाख रुपये ऑनलाइन भेजे और शेष रकम नकद दी। आरोपियों ने फर्जी ज्वाइनिंग लेटर और आईकार्ड दिया। बाद में पोस्टिंग लेटर भी भेजा गया। दिल्ली में सत्यापन कराने पर पत्र फर्जी निकला। रुपये वापस मांगने पर गाली-गलौज और धमकी दी गई। इंस्पेक्टर सुरेंद्र पांडेय ने बताया कि रिपोर्ट दर्ज कर जांच की जा रही है।