न्यूज डेस्क, अमर उजाला, अलीगढ़।
पुरानी पेंशन बहाली की मांग को लेकर कर्मचारी शिक्षक अधिकारी पुरानी पेंशन बहाली मंच के बैनरतले छह से बारह फरवरी तक प्रस्तावित हड़ताल बुधवार से चले गए। कर्मचारियों ने अपनी-अपनी तहसील मुख्यालयों पर धरना प्रदर्शन कर सरकार को कोसा। तहसील कोल से संबंधित कर्मचारियों ने कलेक्ट्रेट पर धरना प्रदर्शन कर पुरानी पेंशन बहाली की मांग की। हालांकि कलेक्ट्रेट एवं विकास भवन के कई विभागों में सामान्य दिनों की तरह कामकाज हुआ।
डिप्लोमा इंजीनियर्स, कृषि, वन समेत अन्य विभागों में कामकाज ठप रहा। मात्र कुछ ही कर्मचारी कार्यालयों में मौजूद नजर आए। हड़ताली कर्मचारियों में शामिल दिनेश शर्मा गुट से जुड़े शिक्षकों ने अपने ब्लाक अध्यक्षों के माध्यम से ड्यूटी वापस की। बताते चलें कि स्टेटिक मजिस्ट्रेट ड्यूटी में लगाए गए डिप्लोमा इंजीनियर्स पहले ही अपनी ड्यूटी वापस कर चुके हैं।
मंच के संयोजक डॉ. नरेश कुमार ने बताया कि बुधवार को प्राथमिक शिक्षकों समेत अन्य शिक्षकों ने सभी प्रशिक्षण कार्यक्रमों का बहिष्कार किया है। इन लोगों ने धरना स्थल पर आकर बोर्ड परीक्षाओं में लगाई गई ड्यूटी को अपने-अपने ब्लाक अध्यक्ष एवं मंत्रियों को जिला प्रशासन को वापस करने के लिए हस्तगत कर दिया है।
इस हड़ताल में राज्य कर्मचारी संयुक्त परिषद से संबद्घ 150 संगठन, प्राथमिक शिक्षक संघ से लेकर महाविद्यालय शिक्षक संघ तक शामिल हैं। सभी कर्मचारी एवं शिक्षक अपने-अपने अधिकारियों के नंबर ब्लाक कर दें। प्राथमिक शिक्षक संघ के अध्यक्ष एवं राज्य कर्मचारी संयुक्त परिषद के अध्यक्ष सुधीर शर्मा ने कहा कि पुरानी पेंशन बहाल होने तक कोई भी शिक्षक राजकीय काम नहीं करेगा।
संघर्ष समिति के चेयरमैन इं. हरज्ञान सिंह ने कहा कि हम दमनात्मक कार्रवाईयों से डरने वाले नहीं हैं। इस मौके पर इं जयपाल सिंह, जेपी सिंह, कैलाश चंद्र शर्मा, शिव कुमार सिंह, शकुंतला देवी, पीके भाटिया, शोभा शर्मा, पूनम शर्मा, दीक्षा, अनिल राघव, पूनम सिंह, राधेश्याम शर्मा, राजेंद्र अत्री, चेतन राज सिंह, प्रमोद, सत्यवीर सिंह, बालेश्वर सिंह आदि उपस्थित थे।
यह विभाग हुए हड़ताल में शामिल
बीएसए कार्यालय, कृषि विभाग, लोक निर्माण विभाग, सिंचाई विभाग, पशुपालन विभाग, राजस्व संग्रह अमीन, लेखपाल, सभी डिप्लोमा इंजीनियर, महाविद्यालय शिक्षक, प्राथमिक शिक्षक संघ, कोषागार, डीआईओएस कार्यालय, जिला पंचायत, नलकूप विभाग, श्रम विभाग, विकास भवन के कुछ विभाग।
पेंशनरों एवं राजनैतिक दलों ने दिया समर्थन
पुरानी पेंशन बहाली मंच के कलेक्ट्रेट पर चल रहे धरने को पूर्व सांसद एवं कांग्रेस नेता चौ.बिजेंद्र सिंह, पूर्व जिलाध्यक्ष गिरवर शर्मा, प्रगतिशील समाजवादी पार्टी के महानगर अध्यक्ष बाबा फरीद आजाद समेत अन्य नेताओं ने धरना स्थल पर जाकर समर्थन दिया। यही नहीं पेंशनर एसोसिएशन के पदाधिकारियों ने भी धरना स्थल पर जाकर समर्थन दिया।