न्यूज डेस्क, अमर उजाला, अलीगढ़।
एमके अलीगेरियन ने जादौन राइडर्स को हराकर लोकदल टी-20 क्रिकेट कप जीत लिया। अनमोल वार्ष्णेय को मैन ऑफ द सीरीज, अंकुर को मैन ऑफ द मैच चुना गया। लोकदल के राष्ट्रीय अध्यक्ष चौ. सुनील सिंह ने विजेता व उप विजेता टीम के खिलाड़ियों को पुरस्कृत किया। टूर्नामेंट जिले की 38 टीमें शामिल हुई थीं।
मंगलवार को स्पोर्ट्स स्टेडियम में खेले गए फाइनल मुकाबले में जादौन राइडर्स की टीम पहले बल्लेबाजी करने उतरी। टीम की शुरुआत काफी खराब रही। 20 रन के स्कोर पर दो विकेट गिर गए। एक छोर पर जमे अमित (42) ने तीन छक्के लगाकर टीम का स्कोर 100 के पार पहुंचाया। टीम ने 166 रन बनाए।
गेंदबाज ईशाम ने तीन विकेट चटकाए। जवाब में उतरी एमके अलीगेरियन के सलामी बल्लेबाज ईशाम (22) व अंकुर (60) ने तेजी से रन बटोरने शुरू कर दिए। दोनों ने पहले विकेट की साझेदारी 75 रन की। 19वें ओवर में आठ विकेट पर लक्ष्य हासिल कर कप पर कब्जा जमा लिया।
अंकुर को मैन ऑफ द मैच चुना गया, जबकि जादौन राइडर्स के अनमोल वार्ष्णेय को मैन ऑफ द सीरीज में बाइक मिली। एमके अलीगेरियन के कोच मंसूर अहमद ने कहा कि खिलाड़ियों की मेहनत, सूझबूझ व एकजुटता से यह जीत मिली है।
कमेंट्री गिर्राज किशोर, डॉ. जावेद अहमद, ललित राजपूत व प्रेमपाल ने की। अंपायरिंग विजय, अजय व कुलदीप कुमार ने की।
इस अवसर पर लोकदल जिलाध्यक्ष बाबा देवानंद, पश्चिम उत्तर प्रदेश प्रभारी संदीप तोमर, यशवेंद्र सिंह, ठा. विक्रम सिंह जादौन, प्रदेश अध्यक्ष एसपी कुशवाहा, प्रदेश महासचिव गजराज सिंह यादव, जिला महासचिव लोकेश तिवारी, महानगर अध्यक्ष अख्तर खां, अर्जुन सिंह फकीरा, ब्लाक प्रमुख दिवाकर गौड़, शैलेंद्र सिंह टिल्लू, राहुल चौधरी, उज्जवल आदि मौजूद रहे।
प्रदेश के हर जिले में होगा क्रिकेट टूर्नामेंट : सुनील
लोकदल के राष्ट्रीय अध्यक्ष सुनील सिंह ने कहा कि लोकदल टी-20 कराने का उद्देश्य ग्राम व शहर की प्रतिभा को मौका देना था।
आने वाले समय में क्रिकेट ही नहीं, बल्कि सभी खेलों के खिलाड़ियों को मौका देने का काम लोकदल करेगा। उत्तर प्रदेश के सभी जिलों में क्रिकेट टूर्नामेंट होगा।