डेस्क न्यूज, अमर उजाला, अलीगढ़
अलीगढ़ मुस्लिम विश्वविद्यालय छात्र संघ ने बुलंदशहर की घटना की तीखे शब्दों में निंदा की है। अध्यक्ष सलमान इम्तियाज ने कहा कि सरकार सत्ता में बने रहने के लिए बुलंदशहर जैसे हादसे को अंजाम दे ही है। यह चुनाव के पहले सत्ता में बने रहने की साजिश है।
यूनियन हॉल में मीडिया से बातचीत में अध्यक्ष सलमान इम्तियाज एवं उपाध्यक्ष हमजा सूफियान ने कहा कि गो हत्या के नाम पर बेगुनाह पुलिसकर्मी को शहीद किया गया। देश का आम आदमी हिंदू मुसलमान के बहकावे में नहीं आने वाला है। हमलोग देश के सभी शहरों में कार्यक्रम आयोजित कर हिंदू मुस्लिम एकता को बढ़ावा देंगे। उन्होंने कहा कि वे लोग शहीद इंस्पेक्टर के परिजनों से जाकर मिलेंगे और उनकी हर संभव सहायता करेंगे। छात्र नेताओं ने कहा कि एएमयू में हिंदू मुस्लिम सियासत नहीं होने दी जाएगी।
यूनियन हॉल में जिन्ना की तस्वीर पर छात्र नेताओं ने कहा कि जैसे नोटबंदी एवं जीएसटी को कभी नहीं मिटाया जा सकता, ऐसे ही तस्वीर इतिहास का स्याह सच है। यदि सरकार हटाना चाहती है तो आदेश जारी करे। मुर्गे तले तेल में शाकाहारी छात्रों के लिए पूड़ी एवं सब्जी बनवाने के आरोप को छात्र नेताओं ने बेबुनियाद बताया और कहा कि कैंपस के सभी हॉलों की रसोई में सीसीटीवी लगवाने पर विचार चल रहा है। शाहरुख हुसैन, गौथम के, नवेद आलम, मोईनुद्दीन, फाखरा खान, मरयम बतूल, हसन मुस्तफा, फिरदोस अहमद, निशांत भरद्वाज, फहद अहमद ज़िन्जानि आदि मौजूद थे।
पूर्व छात्र मदद को तैयार
छात्र संघ अध्यक्ष सलमान इम्तियाज ने कहा कि पिछले महीने वह दुबई गए थे। वहां पूर्व छात्रों ने एमएयू को हर संभव सहयोग देने का आश्वासन दिया। उन्होंने कहा कि पूर्व छात्र छात्रावास बनवाने में मदद करने को तैयार हैं। इसके साथ ही एएमयू छात्रों को अधिक से अधिक संख्या में प्लेसमेंट दिलवाने में मदद का भी आश्वासन दिया। सलमान ने कहा कि वर्तमान सरकार युवाओं को रोजगार देने में विफल है।