न्यूज डेस्क, अमर उजाला, अलीगढ़।
जिले के परिषदीय विद्यालयों के लिए शासन ने आठ करोड़ 17 लाख रुपये की ग्रांट भेजी है। इनमें से 80 लाख रुपये विद्यालयों के स्वच्छता अभियान पर खर्च किए जाएंगे। इसके अलावा बची हुई राशि से विद्यालय के अन्य खर्चे पूरे किए जाएंगे।
बता दें कि शासन ने इस बार परिषदीय विद्यालयों के लिए राशि बढ़ाकर आठ करोड़ 17 लाख रुपये अलीगढ़ जिले के लिए भेजी है। शासन के निर्देश के अनुसार इस राशि का दसवां हिस्सा स्वच्छता अभियान पर खर्च होना है। जिसमें फिनायल, हाथ धोने का साबुन, कूड़े दान, बाल्टी, टायलेट क्लीनर तथा ब्रश, नेलकटर आदि खरीदा जाएगा।
इसी के साथ बची राशि से रंगाई-पुताई, पेंटिंग, फर्स्ट एड बाक्स, अग्निशमन यंत्र, स्टेशनरी, टाट-पट्टी, रेडियो प्रोग्राम, विद्युत उपकरण, सांस्कृतिक कार्यक्रम, बागवानी व सामान्य सामग्री, शिक्षण सहायक सामग्री, दिव्यांग छात्रों की सामग्री, पुरस्कार वितरण सामग्री आदि की खरीद की जाएगी।
वित्त एवं लेखाधिकारी बीवी पांडेय ने बताया कि इस बार आई ग्रांट सभी कार्य के लिए पर्याप्त है। इससे किसी भी प्रकार की सुविधाओं का अभाव नहीं रहेगा।