न्यूज डेस्क, अमर उजाला, अलीगढ़।
अलीगढ़ मुस्लिम विश्वविद्यालय के जेएन मेडिकल कॉलेज में टर्शरी केयर कैंसर सेंटर की स्थापना के लिए भारत सरकार ने 45 करोड़ रुपये स्वीकृत किया है।
इससे अलीगढ़ के साथ ही आसपास के जिलों एवं यूपी के विभिन्न हिस्सों के कैंसर रोगियों को लाभ मिलने की उम्मीद को बल मिला है।
एएमयू के जेएन मेडिकल कॉलेज में बड़ी संख्या में मरीज पहुंचते है। विश्वविद्यालय प्रशासन की ओर से कैंसर मरीजों की सुविधा के लिए एक प्रस्ताव भी केंद्र सरकार को भेजा गया था।
सांसद सतीश कुमार गौतम ने बताया कि केंद्र सरकार ने कैंसर सेंटर के लिए 45 करोड़ रुपये स्वीकृत किये हैं। पिछले दो वर्ष से वह स्वयं इसके लिए प्रयास कर रहे थे।
उन्होंने बताया कि 45 में से 18 करोड़ रुपये भारत सरकार के स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्रालय की ओर से मिलेगा। शेष धनराशि मानव संसाधन विकास मंत्रालय की ओर से दी जाएगी।
यह धनराशि राष्ट्रीय कार्यक्रम एनपीसीडीसीएस (कैंसर, मधुमेह, सीवीडी और स्ट्रोक की रोकथाम और नियंत्रण के लिए राष्ट्रीय कार्यक्रम) के तहत निर्धारित की गई है। उन्होंने बताया कि शीघ्र ही धनराशि अवमुक्त कराकर सेंटर की स्थापना से संबंधित कार्य पूरा कराया जाएगा।