न्यूज डेस्क, अमर उजाला, अलीगढ़।
पेटीएम के संस्थापक विजय शेखर शर्मा अपने पिता स्व. सुलोम प्रकाश शर्मा की याद में अग्रसेन इंटर कालेज हरदुआगंज में बनाए गए सभागार का शुभारंभ 20 जनवरी को करेंगे।
वह इस कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में मौजूद रहेंगे और छात्रों को संबोधित करेंगे। विजय शेखर शर्मा ने इंटरमीडिएट तक की पढ़ाई इस कालेज में पूरी की है। उनके पिता सुलोम प्रकाश शर्मा इसी इंटर कालेज में प्रिंसिपल के पद से रिटायर हुए थे।
हाल ही में लंबी बीमारी के बाद उनका निधन हो गया था। इस समारोह की अध्यक्षता कुंवर बहादुर अग्रवाल और विशिष्ट अतिथि के रूप में जगवीर किशोर जैन शिक्षक विधायक मौजूद रहेंगे।
प्रबंधक राजेश मित्तल और प्रधानाचार्य शंभुदयाल रावत ने बताया कि विजय शेखर शर्मा ने अपने पिता की याद में यहां एक सभागार का निर्माण कराया है। जिसका शुभारंभ होने जा रहा है।