मुरादाबाद में दाखिल होगा बी वारंट, कालाडूंगी में तलाश
ब्यूरो, अमर उजाला,अलीगढ़।
कंपनी बाग से नैनीताल बुकिंग पर ले जाई गई टैक्सी (स्विफ्ट डिजायर) के लापता ड्राइवर की तलाश में गांधीपार्क पुलिस मंगलवार सुबह नैनीताल के काला डूंगी जाएगी।
वहीं पुलिस ने सोमवार को स्थानीय न्यायालय से मुरादाबाद में दबोचे गए दोनों अपराधियों के बी वारंट प्राप्त कर लिए हैं, जिन्हें मुरादाबाद जेल में दाखिल किया जाएगा। इस बी वारंट के आधार पर उन्हें यहां न्यायालय में तलब किया जाएगा।
गांधीपार्क के कंपनी बाग चौराहे पर ट्रैवल एजेंसी संचालक प्रमोद कुमार से कार बुकिंग पर ले जाकर उनके चालक वसीम पुत्र शौकत निवासी सराय हकीम नई आबादी बन्नादेवी को बदमाशों ने नैनीताल के काला डूंगी में मारपीट कर बेहोश कर फेंक दिया था।
इसके बाद बदमाश वसीम निवासी ईशापुर थाना बिलारी व मुकेश निवासी गुलाबबाड़ी कटघर मुरादाबाद में कार बेचते समय दबोचे गए। जहां उन्होंने घटना स्वीकार ली। गांधीपार्क पुलिस ने अपने यहां अपहरण का मुकदमा दर्ज कर लापता चालक की तलाश के प्रयास शुरू कर दिए हैं।
इंस्पेक्टर गांधीपार्क के अनुसार टीम काला डूंगी जाकर वसीम को तलाशेगी और मुरादाबाद से दोनों को यहां तलब कराने के लिए बी वारंट भी जेल में दाखिल करेगी।