42 डेरा समर्थकों के बारे में पुलिस कर रही तहकीकात
ब्यूरो, अमर उजाला, अलीगढ़।
बाबा राम रहीम को सजा का फैसला सुनाए जाने से पहले यहां से हिसार गए उनके 42 समर्थकों के बारे में पुलिस जानकारी एकत्रित कर रही है। अभी तक यह समर्थक वहां से वापस नहीं आए हैं। ऐसे में पुलिस-प्रशासन इस बात की तहकीकात कर रहा है कि आखिर डेरा सच्चा सौदा के यह अनुयायी इस समय किस स्थिति में हैं और कहां हैं। इनके परिजनोें पर भी निगाह रखी जा रही है।
डेरा सच्चा सौदा की यहां भी संगत है। बाबा राम रहीम को दोषी करार दिए जाने से पहले यहां से भी उनके समर्थक हरियाणा गए। पुलिस को यह जानकारी मिली कि यहां से 42 समर्थक हिसार गए और उसके बाद अभी तक वापस नहीं आए हैं।
अब पुलिस इन समर्थकों के बारे में यह जानकारी जुटाने में लगी है कि आखिर बाबा के यह समर्थक कहां हैं। वह बाबा के किस डेरे में या कहीं पुलिस हिरासत में हैं।
पुलिस की यह भी चिंता है कि कहीं हरियाणा में हुए बवाल में इनमें से किसी समर्थक के साथ कोई अनहोनी तो नहीं हो गई। पुलिस ने इनके घर व परिचितों पर निगाह रखनी शुरू कर दी है।
इनके बारे में अन्य तमाम जानकारी की जा रही है। एसएसपी राजेश पांडेय के अनुसार इंटेलीजेंस की मदद से हर जानकारी जुटाई जा रही है।