थाने पहुंचे धोखाधड़ी के शिकार 70-80 लोग
ब्यूरो, अमर उजाला अलीगढ़।
सासनी गेट थाने पर शुक्रवार को 70-80 लोग पहुंचे। यहां कायस्थ चेतना मंच के राज सक्सेना भी पहुंच गए।
राज सक्सेना ने बताया कि राजकीय गर्ल्स इंटर कालेज के पास रहने वाला आरोपी एसबीआई का ग्राहक सेवा केंद्र चलाता है। साथ ही स्कूल और कोचिंग का भी संचालक है। पिछले दिनों बैंक के ग्राहक खातों में पैसा जमा करने आए, तो उसने दर्जनों उपभोक्ताओं से रुपये ले लिए और सादा कागज पर रसीद थमा दी। बहाना बनाया कि सर्वर खराब है।
इस तरह करीब 150 लोगों से लाखों रुपये ले लिए। पिछले दो दिन से आरोपी मकान पर ताला लगाकर फरार है। अब उसे पैसा देने वाले लोग और स्कूल में पढ़ रहे बच्चों के अभिभावक परेशान हैं। उनका कहना है कि बच्चों की अप्रैल महीने की फीस जमा की थी, जो कि खाते में पहुंची ही नहीं है। पुलिस ने राज सक्सेना को पीड़ितों की लिस्ट बनाकर सौंपने की जिम्मेदारी दी है। इस मामले में शनिवार को रिपोर्ट दर्ज होने की संभावना है।