राज्यपाल राम नाईक छह को अलीगढ़ में
ब्यूरो, अमर उजाला अलीगढ़।
अलीगढ़ । आखिरकार चार महीने की मेहनत रंग ले आई। अब छह अगस्त को सूबे के राज्यपाल राम नाईक डीएस कॉलेज में नवनिर्मित मधु नंदन भवन का लोकार्पण करेंगे। राज्यपाल के आने की स्वीकृति राजभवन से मिल गई है।
10 महीने में पौन दो करोड़ की लागत से निर्मित तीन मंजिला भवन में नौ कमरे हैं। हर मंजिला पर तीन कमरे हैं। रेन वाटर हार्वेस्टिंग, सोलर ऊर्जा पैनल के साथ ही आरओ पानी का भी इस भवन में इंतजाम है।
मार्च में भवन बनकर तैयार हो गया था। तब से कॉलेज प्रबंध समिति राज्यपाल से भवन के लोकार्पण के लिए समय की मांग रही थी, जो जुलाई में पूरी हो गई।
राज्यपाल के कार्यक्रम मंजूरी की जानकारी समिति के अध्यक्ष कुलसुमन गोयल व सचिव राजीव अग्रवाल ने अमर उजाला को दी। उन्होंने कहा कि डेढ़ घंटे के संक्षिप्त कार्यक्रम में उनका सभागार में अभिनंदन किया जाएगा। कहा, सांसद सतीश गौतम, पूर्व सांसद शीला गौतम भी शिरकत करेंगे। इस मौके पर प्राचार्य डॉ. ओपी बंसल, पूर्व प्राचार्या डॉ. अंजना बंसल, औटा के पूर्व अध्यक्ष डॉ. रक्षपाल सिंह, डॉ. सुनीता गुप्ता मौजूद रहीं।