शादी से इंकार करने पर युवती ने की आत्महत्या की कोशिश
ब्यूरो, अमर उजाला अलीगढ़।
अलीगढ़। महानगर के क्वार्सी थाना क्षेत्र में पांच-छह साल से शादी का झांसा दे रहे युवक से परेशान होकर युवती ने गुरुवार को प्रेमी के प्रशिक्षण केंद्र में आग लगाकर खुद फांसी लगाकर आत्महत्या की कोशिश की। वह तो किसी तरह लोगों ने युवती को बचाकर मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया है, जहां उसकी हालत गंभीर बनी हुई है। वहीं पुलिस ने प्रेमी युवक को हिरासत में ले लिया है। इस दौरान पुलिस को एक सुसाइड नोट भी मिला है।
सुसाइड नोट के मुताबिक रजा नगर निवासी युवती के पांच-छह साल पहले एक निजी स्कूल में पढ़ाई के दौरान प्रेम संबंध हो गए। दोनों की मुलाकातें होने लगी। युवक कौशल विकास योजना का प्रशिक्षण सेंटर चलाता है। आरोप है कि युवक ने शादी का झांसा देकर युवती के साथ यौन शोषण किया, जिससे वह चार बार गर्भवती हो गई। युवक ने बातों में फंसाकर चारों बार उसका गर्भपात करा दिया। वह उसकी अस्मत से खिलवाड़ करता रहा।
युवती जब शादी की बात कहती तो वह कन्नी काट जाता। इस दौरान युवती को मालूम हुआ कि युवक के किसी अन्य युवती से प्रेम संबंध हो गए हैं। इस पर वह युवक के सेंटर पर पहुंच गई, जहां उसने काउंटर पर रखी फाइलों में आग लगा दी और कंप्यूटर में तोड़फोड़ कर दी। इस दौरान युवती ने दुपट्टे से पंखे में फंदा लाकर आत्महत्या करने की कोशिश की। यह देख मौके पर स्थानीय लोग जुट गए। उन्होंने आनन-फानन में दरवाजा तोड़कर युवती को बाहर निकालकर उपचार के लिए मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया, जहां उसकी हालत नाजुक बनी हुई है। वहीं, खबर पाकर पहुंची पुलिस ने प्रेमी युवक को हिरासत में ले लिया है।