कोरोना का कहर जारी है। जेएन मेडिकल कॉलेज में उपचार के दौरान दो मरीजों की मौत हो गई। जांच में 128 नए लोग संक्रमित हुए है। राहत की बात यह है कि रविवार को 142 लोग स्वस्थ हुए हैं। जनपद में कोरोना से संक्रमित मरीजों की संख्या बढ़कर 6485 हो गई है। इनमें 4834 लोग स्वस्थ हो चुके हैं।
जेएन मेडिकल कॉलेज में इलाज करा रहे जीटी रोड विकास नगर के 55 वर्षीय व्यक्ति की मौत रविवार सुबह हो गई। एक व्यक्ति की मौत शाम में हुई है। जेएन मेडिकल कॉलेज, पं. दीनदयाल उपाध्याय संयुक्त चिकित्सालय, प्राइवेट लैब एवं एंटीजन किट से टेस्ट में रविवार को 128 लोग कोरोना वायरस से संक्रमित पाए गए हैं। संक्रमितों में अकराबाद के नगरिया पट्टी चाहराम के 11, भारती नगर मैरिस रोड के 6 लोग शामिल हैं।
विमला सदन बन्नादेवी के 2, बरौली बाईपास के 2, बिजौली के 4, हरजीगढ़ी 2, सरोजनगर 4, पुष्पांजलि कालोनी 2, प्राशीधाम गूलर रोड 2, प्राग मिल कंपाउंड 3, संजीवनी हास्पिटल खैर 4 और धनसारी के 2 लोग वायरस की चपेट में आए हैं। जिलाधिकारी चंद्रभूषण सिंह ने बताया कि संक्रमितों को लक्षण के आधार पर होम आइसोलेट एवं कोविड-19 हॉस्पिटल में भर्ती कराया जा रहा है। उनके संपर्क में आए लोगाें को क्वारंटीन कर नमूना लिया जा रहा है।