न्यूज डेस्क, अमर उजाला, अलीगढ़।
दीन दयाल अस्पताल संयुक्त अस्पताल में होम्योपैथी विभाग को आयुष भवन में शिफ्ट किए जाने पर होम्योपैथी विभाग के स्टाफ ने जमकर हंगामा किया और विरोध प्रदर्शन किया। गैर एलोपैथी सभी चिकित्सा पद्धतियों को अस्पताल के आयुष विंग में शिफ्ट किए जाने के क्रम में यह काम किया जा रहा है।
अस्पताल प्रशासन ने होम्योपैथी विभाग का सामान और दवाएं आदि कमरों से बाहर रखवा दी हैं। उनके स्थान पर वहां पर शुरू की जाने वाली डेंटल यूनिट का सामान रखवा दिया है।
अस्पताल की सीएमएस डॉ. याचना शर्मा ने बताया कि जहां पर होम्योपैथिक कक्ष हैं वहां पर डेंटल यूनिट प्रस्तावित है। गुरुवार को डेंटल यूनिट का सामान और उसे इंस्टाल करने वाले इंजीनियर आ गए। इससे पहले होम्योपैथिक कक्ष में से स्टाफ और सामान हटा लेने व उसे अस्पताल की आयुष विंग में ले जाने के लिए कई बार पत्र लिखकर कहा जा चुका है। डेंटल यूनिट की चेयर और एक्सरे मशीन के साथ आए इंजीनियर यहां रुक नहीं सकते, इसलिए होम्योपैथिक विभाग का सामान बाहर किया और मशीनें इंस्टाल करवाई हैं।
होम्योपैथिक विभाग के लिए आयुष विंग में दो कमरे दिए गए हैं। एक डाक्टर के लिए और एक डिस्पेंसरी के लिए। लेकिन इसके बाद भी यह लोग वहां जाने का विरोध कर रहे हैं और हंगामा कर अस्पताल की व्यवस्था का विरोध कर रहे हैं। दूसरी ओर होम्योपैथिक विभाग का कहना है कि नई जगह जाने से मरीजों को परेशानी होगी।
इससे चिकित्सा कार्य प्रभावित होगा। गुरुवार को इस पूरे घटना क्रम के चलते होम्योपैथी चिकित्सा से इलाज कराने आए मरीजों को भी परेशानी का सामना करना पड़ा। डॉ. याचना शर्मा कहती हैं कि फिलहाल मशीनों को इंस्टाल करा दिया गया है।