न्यूज डेस्क, अमर उजाला, अलीगढ़।
संत कबीर नगर में जिला योजना समिति की बैठक में भाजपा सांसद द्वारा भाजपा विधायक को जूतों से पीटे जाने की घटना का असर अलीगढ़ में भी दिख रहा है। शुक्रवार को जिले के प्रभारी मंत्री सुरेश राणा की अध्यक्षता में हुई जिला योजना 2019-20 की बैठक में मीडिया को बैठक से दूर ही रखा गया।
फोटो खिंचते ही सीडीओ अनुनय झा ने मीडिया से कहा कि अब आप लोग बाहर जाइए। प्रभारी मंत्री, सांसद और वहां मौजूद अन्य नेता भी इस पर खामोश रहे। करीब दो घंटे तक चली बैठक में 346.77 करोड़ की जिला योजना पास कर दी गई।
करीब सवा घंटे की देरी से शाम सवा पांच बजे प्रभारी मंत्री सुरेश राणा की अध्यक्षता में आयोजित बैठक में आयुष्मान भारत योजना को आम लोगों की पहुंच में लाने के लिए जिला स्तर पर आयुष्मान मित्र को नोडल बनाने पर चर्चा हुई। जन प्रतिनिधियों ने कहा कि यह नोडल लगातार उनके संपर्क में रहे।
उसका नंबर सीएचसी एवं पीएचसी पर अंकित रहे ताकि जरूरतमंद उससे सीधे संपर्क कर सकें। विधायक बरौली ने प्रस्तावित जिला योजना में उच्च शिक्षा एवं ग्रामीण पेयजल मद में शून्य बजट होने पर आपत्ति जताई। प्रभारी मंत्री ने इसको टाल दिया.. बोले कि इन दोनों मुद्दों पर समेत पर्यटन, विज्ञान एवं प्राद्योगिकी, पिछड़ी जाति कल्याण, जन जाति कल्याण, पुष्टाहार आदि मदों में पूर्व में भी पैसा नहीं आया है।
ऐसे में इन मदों को लेकर शासन पर अंगुली उठाना ठीक नहीं है। इस दौरान बिजली, नहरों में पानी टेल तक न पहुंचने समेत कई अन्य मुद्दे भी उठे। अफसरों से सवाल जवाब भी किये गए। अंत में सर्वसम्मति से 346.77 करोड़ की जिला योजना पास कर दी गई।
इस मौके पर सांसद सतीश गौतम, विधायक बरौली ठा.दलवीर सिंह, शहर संजीव राजा, विधायक कोल अनिल पाराशर, विधायक छर्रा रवींद्र पाल सिंह, विधायक खैर अनूप प्रधान, भाजपा जिलाध्यक्ष ठा.गोपाल सिंह समेत अन्य अधिकारी, डीएसटीओ हरचरण लाल मौजूद थे।
जिला योजना में आधी ही रकम मिल रही
प्रशासन हर साल जिले के विकास के लिए जिला योजना तैयार कर शासन को भेजता है। बावजूद इसके पूरा वित्तीय वर्ष गुजर जाता है, लेकिन विभागाें की झोली खाली ही रह जाती है और नाममात्र का पैसा ही मिल पाता है। पिछले वित्तीय वर्ष में ही 342 करोड़ 94 लाख के सापेक्ष 199 करोड़, 64 लाख एवं 47 हजार रुपया ही मिल सका था। इस बार भी 346.77 करोड़ की जिला योजना पास हुई है। यह देखना दिलचस्प होगा कि इसमें से कितना पैसा मिल पाता है।