न्यूज डेस्क, अमर उजाला, अलीगढ़।
पंजाब व दिल्ली की तर्ज पर यूपी में भी वीआईपी नंबरों की नीलामी शुरू हो गई है। अब वाहनों के वीआईपी नंबर ऑनलाइन नीलामी के द्वारा दिए जाएंगे। ज्यादा बोली लगाने वाले वाहन स्वामी को ही नंबर दिया जाएगा। जल्द ही यह काम अलीगढ़ में शुरु हो जाएगा। लखनऊ ट्रेनिंग से लौटने के बाद एआरटीओ (प्रशासन) रंजीत सिंह ने सोमवार को अधीनस्थों के साथ बैठक कर तैयारी शुरू कर दी है।
वर्तमान में वीआईपी नंबर लेने के लिए परिवहन विभाग के वेबसाइट पर नंबर को बुक किया जाता है। ऑनलाइन आवेदन द्वारा वीआईपी नंबर को बुक करने की प्रक्रिया को समाप्त कर दिया है। जल्द ही विभाग की वेबसाइट पर नीलामी प्रक्रिया शुरू हो जाएगी।
संभागीय परिवहन अधिकारी अपने यहां के वीआईपी नंबरों की लिस्ट सॉफ्टवेयर में डाउनलोड करेंगे इसके बाद नीलामी प्रक्रिया शुरू हो जाएगी। एआरटीओ (प्रशासन) रंजीत सिंह ने बताया कि लखनऊ में ट्रेनिंग के दौरान प्रदेश के सभी एआरटीओ (प्रशासन) को इसकी ट्रेनिंग दी गई थी।
ट्रेनिंग से लौटने के बाद उन्होंने अधीनस्थों के साथ मिलकर वीआईपी नंबरों की ऑनलाइन नीलामी की तैयारी शुरू कर दी है। जल्द ही अलीगढ़ में भी वाहनों के वीआईपी नंबरों नीलामी के बाद मिलेंगे। विभागीय अधिकारियों का दावा है कि सोमवार से विभागीय वेबसाइट पर रजिस्ट्रेशन शुल्क जमा कर नीलामी प्रक्रिया के लिए आवेदन किया जा सकता है।
यह होगी प्रक्रिया
वीआईपी नंबर ऑन लाइन नीलामी के लिए एक तारीख तय की जाएगी। तय की तारीख से चार दिनों तक पांच हजार रुपये जमा करके रजिस्ट्रेशन शुल्क जमा करना होगा। नंबर लेने वाले यदि कम तीन आवेदक नहीं हुए तो रजिस्ट्रेशन की तारीख तीन दिन और बढ़ा दी जाएगी। शेष अगले तीन दिनों में ऑनलाइन बोली लगाई जाएगी। सबसे अधिक बोली लगाने वाले आवेदक को एक सप्ताह के भीतर पैसा जमाकर नंबर लेना होगा। यदि एक सप्ताह के भीतर पैसा जमा करके नंबर नहीं लिया तो दूसरे नंबर पर बोली लगाने वाले आवेदक को नंबर आवंटित कर दिया जाएगा तथा पहले बोलीदाता की धनराशि स्वत: जब्त हो जाएगी।