डेस्क न्यूज, अमर उजाला, अलीगढ़
खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने शांतिनगर नगला डालचंद में मिठाई फैक्ट्री पर शनिवार सायं छापा मारा। इस दौरान यहां भारी मात्रा में रिफाइंड, सोयाबीन आयल, सूजी एवं स्किम्ड मिल्क पाउडर से मिल्क केक व बर्फी बनती मिली। टीम को 625 किलो बर्फी व मिल्क केक बना हुआ बरामद हुआ। इस दौरान टीम ने 100 लीटर मिल्क केक बनाने का घोल मौके पर ही नष्ट करा दिया तो रिफाइंड समेत अन्य सामान जब्त कर लिया। यहां से इन सभी वस्तुओं के सात नमूने भरे गए।
मुख्य खाद्य सुरक्षा अधिकारी अक्षय प्रधान ने बताया कि टीम ने शनिवार सायं महावीर नगर क्वारसी निवासी रक्षपाल सिंह की शांति नगर नगला डालचंद स्थित मिठाई फैक्ट्री पर छापा मारा। यहां रिफाइंड, सोयाबीन आयल, सूजी व स्किम्ड मिल्क पाउडर से मिल्क केक व बर्फी बनती मिली। मौके पर 625 किग्रा मिल्क केक व बर्फी बरामद हुई। सूजी, स्किम्ड मिल्क, सोयाबीन आयल, रिफाइंड व मिल्क केक बनाने का घोल भी मिला। इन सभी वस्तुओं के सात नमूने भरे गए। 608 किलो मिल्क केक, 120 किग्रा बर्फी, 90 किलो सूजी, 58 लीटर रिफाइंड सोयाबीन आयल सीज किया गया। इसकी कीमत लगभग 1.60 लाख है। 100 लीटर मिल्क केक बनाने का घोल नष्ट कर दिया गया। सभी नमूनों को जांच के लिए प्रयोगशाला भेजा जा रहा है।