न्यूज डेस्क, अमर उजाला, अलीगढ़।
बीएसए दफ्तर के चर्चित अधिकारी बीपी पांडेय का ट्रांसफर आवास विकास परिषद के मूल विभाग में हो गया है। इसको लेकर शिक्षा विभाग में चर्चा का माहौल है। कोई उनके जाने से खुश है तो उनके प्रशंसक इस बात से दुखी दिखायी दे रहे हैं।
बीएसए ने यहां के चार्ज से इनको रिलीव कर दिया है। बता दें कि बेसिक शिक्षा विभाग में वित्त एवं लेखाधिकारी पद पर कार्यरत बीवी पांडेय के ट्रांसफर लेटर हालांकि पिछले कुछ समय से कई बार आ चुके थे। अभी हाल ही में जुलाई व अगस्त के महीने में उन्हें तत्काल यहां के कार्य से मुक्त करने के आदेश परियोजना निदेशक ने भेजे थे।
किसी कारणवश अभी तक वह रिलीव नहीं हुए थे। लेकिन अब बीएसए ने उन्हें यहां के कार्य से रिलीव कर दिया है। इसके बाद सूचना फैलते ही कर्मचारी, शिक्षकों में उनके ट्रांसफर को लेकर चर्चा का बाजार गरम हो गया। बीवी पांडेय से मनमुटाव रखने वाले कर्मचारी व शिक्षक शनिवार को प्रसन्न नजर आए।
वहीं उनके प्रशंसक शिक्षक व कर्मचारियों के गुटों मायूसी का माहौल है। बीवी पांडेय को उनके मूल विभाग आवास विकास परिषद में भेजा गया है। अब वह मेरठ या गाजियाबाद चार्ज ग्रहण करेंगे। यह परिषद में रिपोर्ट करने के बाद ही पता चलेगा। बीएसए डॉ. लक्ष्मीकांत पांडेय ने बताया कि बीवी पांडेय को विभाग से कार्यमुक्त कर दिया गया है।