न्यूज डेस्क, अमर उजाला, अलीगढ़।
डिफेंस कॉरिडोर की बैठक की तैयारियों के क्रम में नुमाइश मैदान और उसके आसपास की गंदगी, धूल, कीचड़ से हो रही बदरंग तस्वीर मेहमानों के सामने शहर की छवि खराब कर सकती है। इसको सही करने के लिए दिन रात काम किया जा रहा है, लेकिन अभी तक कोई खास नतीजा नहीं निकल कर आ रहा है।
एक चीज सही करने के क्रम में दूसरी चीज खराब हो जा रही है। मैदान का पानी निकालने के लिए लगाई पंप से जेल रोड की पूरी सड़क उखड़ गई। उसे बचाने के लिए पूरी सड़क खोद कर नीचे पाइप लाइन डाली गई जिसके बाद पूरी सड़क ही ऊबड़ खाबड़ हो गई।
जेल रोड पर डिवाइडरों को काला और पीला रंग किया जा रहा है, लेकिन यहां डिवाइडर के नीचे जमी मिट्टी और धूल पेंट को बदरंग कर रही है। इसी तरीके से जीटी रोड तहसील के सामने साफ किए जा रहे डिवाइजरों पर पेंट किया जा रहा है, लेकिन यहां पर घूम रहे आवारा जानवर उसे खराब कर रहे हैं। निष्प्रयोज्य रखा बायो टायलेट, मैदान में पड़ा कूड़ा भी बता रहा है कि आम दिनों में शहर की हालत क्या होती है।