न्यूज डेस्क, अमर उजाला, अलीगढ़।
राशन उपभोक्ताओं को ई पाश मशीनों में तकनीकी गड़बड़ी होने के बावजूद शत प्रतिशत राशन देने के लिए की गई प्राक्सी व्यवस्था के दुरुपयोग मामले में इंद्रानगर के कोटा डीलर फंस गए हैं। उनकी दुकान पर प्राक्सी के 130 मामले पाए जाने पर जिला पूर्ति अधिकारी ने उनकी दुकान सस्पेंड कर दी है। इसके बाद उन्हें शो काज नोटिस थमा दिया गया है।
दैनिक अमर उजाला ने प्राक्सी के दुरुपयोग मामले में आठ मई के अंक में खबर प्रकाशित की थी। इसे संज्ञान में लेते हुए जिला पूर्ति अधिकारी नीरज सिंह ने इंद्रानगर के कोटेदार हरीशंकर की दुकान सस्पेंड कर दी है।
उन्होंने बताया कि इस कोटेदार के पास 130 प्राक्सी के मामले पाए गए थे। इनमें से 50 फीसदी तो ठीक थे, लेकिन अन्य में पाया गया कि उपभोक्ता की जानकारी के बगैर उसके कार्ड का दुरुपयोग कर राशन आइटम उसके नाम से निकाले जा रहे हैं और इन्हें खुर्द बुर्द किया जा रहा है। इसके मद्देनजर निलंबन की कार्रवाई करते हुए कोटा डीलर से स्पष्टीकरण मांगा गया है।
जांच अभी जारी और भी गड़बड़ी मिलने की संभावना
जिला पूर्ति अधिकारी ने बताया कि प्राक्सी के बढ़ते चलन एवं इसके दुरुपयोग को देखते हुए महानगर की 271 दुकानों में से टाप टेन प्राक्सी वाली दुकानों की जांच की जा रही है। अभी भी कई अन्य दुकानों की जांच रिपोर्ट आनी बाकी है। इन रिपोर्टों में कई और चौंकाने वाले खुलासे होने की उम्मीद है।