न्यूज डेस्क, अमर उजाला, अलीगढ़।
अलीगढ़ मुस्लिम विश्वविद्यालय के स्कूलों में कक्षा एक में दाखिला के लिए 5 हजार से अधिक बच्चे मैदान में है। रविवार को एएमयू में एसटीएस स्कूल, एएमयू सिटी स्कूल, एएमयू गर्ल्स स्कूल, सीनियर सेकेंडरी स्कूल गर्ल्स, सीनियर सेकेंडरी स्कूल ब्वायज, एएमयू एबीके हाईस्कूल ब्वायज एवं एएमयू एबीके हाईस्कूल गर्ल्स में प्रवेश परीक्षा आयोजित की गई।
कुल 5318 बच्चों ने दाखिला के लिए आवेदन किया था, जिसमें से 5021 शामिल हुए और 298 बच्चे अनुपस्थित रहें। परीक्षा केंद्रों पर बच्चों के लिए बिस्किट एवं पानी आदि का इंतजाम किया गया था।
परीक्षा का आयोजन सुबह 10 बजे से 12 बजे तक किया गया था। एएमयू के अधिकारियों का कहना है कि परीक्षा शांतिपूर्ण संपन्न हुई। किसी तरह की कोई परेशानी नहीं हुई।
उल्लेखनीय है कि एएमयू द्वारा स्कूलों का संचालन भी किया जाता है। यहां कक्षा एक, छह, नौ एवं 11 वीं में दाखिला के लिए प्रवेश परीक्षा का आयोजन किया जाता है।