न्यूज डेस्क, अमर उजाला, अलीगढ़।
एएमयू के 65वें दीक्षांत समारोह में 2891 स्नातक, 2094 स्नातकोत्तर, 25 एमफिल एवं 370 पीएचडी छात्रों को डिग्रियां प्रदान की जाएंगी।
सात मार्च को प्रस्तावित दीक्षांत समारोह की तैयारियों को लेकर कुलपति प्रो. तारिक मंसूर ने सोमवार को विश्वविद्यालय के शीर्ष अधिकारियों के साथ बैठक कर तैयारियों का जायजा लिया। राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद दीक्षांत भाषण देंगे।
कुलपति प्रो. तारिक मंसूर वार्षिक रिपोर्ट प्रस्तुत करेंगे। समारोह स्थल में लगभग 6 हजार अतिथियों के बैठने की व्यवस्था होगी। राष्ट्रपति की सुरक्षा के दृष्टिगत कार्यक्रम स्थल की गहन निगरानी के उद्देश्य से क्लोज सर्किट टीवी कैमरे लगाए जाएंगे। इस अवसर पर सह कुलपति प्रो. तबस्सुम शहाब, रजिस्ट्रार प्रो. जावेद अख्तर, कंट्रोल मुजीबउल्लाह जुबैरी आदि मौजूद थे।
दीक्षांत समारोह को लेकर विश्वविद्यालय में व्यापक स्तर पर स्वच्छता अभियान चलाया जा रहा है। इसके अतिरिक्त रक्तदान, अंगदान एवं पौध रोपण अभियान चलाया जा रहा है। विश्वविद्यालय द्वारा गोद लिए गए पांचों ग्रामों में सामाजिक विकास के कार्यक्रम आयोजित किये जा रहे हैं।