चलती बस में बैग से लाखों का माल पार
ब्यूरो, अमर उजाला, अलीगढ़।
रोडवेज बस के ड्राइवर और कंडक्टर की मिली भगत से चलती बस में से दंपती के बैग में से नगदी और जेवर चोरी होने का आरोप लगाया गया है। पीड़ित ने गांधी पार्क पुलिस चौकी पर गुरुवार को तहरीर दे दी थी लेकिन उसकी रिपोर्ट दर्ज नहीं की जा रही है।
थाना सिविल लाइन के कबीर कालोनी में रहने वाले राशिद अल बरकात स्कूल में हॉकी के कोच हैं। राशिद अपनी पत्नी सबीना राशिद के साथ गुरुवार को एक शादी समारोह में शामिल होने के लिए कोटा जा रहे थे। इसके लिए वह परिवार सहित मथुरा ट्रेन पकड़ने जा रहे थे।
जब राशिद गांधी पार्क बस स्टैंड पहुंचे तो एक बस में चढ़े। बस में चार पांच लोग पहले से संदिग्ध अवस्था में बैठे थे, जिन्हें देखकर वह बस से उतर गए और दूसरी बस में चढ़ गए। वह संदिग्ध लोग दूसरी बस के ड्राइवर के पास आकर बात करने लगे और थोड़ी देर में बस चलने पर बस में ही बैठ गए। राशिद ने बैग को आगे रख लिया। संदिग्ध लोग इगलास पर उतर गए।
बाद में राशिद को शक हुआ तो बैग चेक किया। उन्होंने पाया कि बैग से हजारों रुपये की नगदी और सोने चांदी के जेवर गायब थे। इस बात की सूचना उन्होंने वापस आकर गांधी पार्क चौकी पर दी। साथ ही तहरीर भी दी। लेकिन पुलिस ने अब तक उनकी रिपोर्ट दर्ज नहीं की है।