दहेज के लिए पत्नी को मार दी गोली
ब्यूरो, अमर उजाला, टप्पल।
टप्पल थाना क्षेत्र के गांव जहानगढ़ में एक व्यक्ति ने दहेज के लिए पत्नी को गोली मार दी। गोली सिर पर लगी, जिससे मौके पर ही युवती की जान चली गई। पिता की तहरीर पर पुलिस ने ससुराल वालों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली है। पति को पुलिस ने पकड़ लिया है।
बताते हैं कि ज्योति पुत्री रामेश्वर शर्मा (20) निवासी लौदाना थाना जेवर जिला गौतमबुद्धनगर की शादी 30 जून 2015 को धीरज पुत्र पीतांबर निवासी जहानगढ़ थाना टप्पल के साथ हुई थी।
ज्योति के पिता के अनुसार अपनी सामर्थ्य के अनुसार दहेज दिया था। ससुराल वाले उनकी बेटी को दहेज के लिए मारपीट कर प्रताड़ित कर रहे थे। वह दहेज की और मांग पूरी नहीं कर पाए, जिस पर सोमवार की दोपहर धीरज ने ज्योति के सिर पर गोली मारकर हत्या कर दी।
थाना प्रभारी सुनील कुमार सिंह ने बताया कि मृतका के पिता की तहरीर पर पति, ससुर, ननद एवं ननदोई के खिलाफ विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया है। पति धीरज को गिरफ्तार कर लिया गया है। अन्य आरोपियों को भी जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा। मृतका के एक छोटी बेटी है।