एक घंटा 20 मिनट अलीगढ़ में रुकेंगे मुख्यमंत्री योगी
ब्यूरो, अमर उजाला अलीगढ़।
निकाय चुनाव लड़ रहे प्रत्याशियों के समर्थन में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ 19 नवंबर को नुमाइश मैदान में रैली करेंगे। मुख्यमंत्री एवं प्रदेश अध्यक्ष का हेलीकाप्टर दिल्ली से चलकर 11.30 बजे आईआईटी कॉलेज के मैदान में उतरेगा। लाल ताल स्थित जनसभा स्थल पर मुख्यमंत्री एवं प्रदेश अध्यक्ष डॉ. महेंद्र नाथ पांडेय 11.40 बजे पहुंचेंगे और 12.40 तक वहां रुकेंगे। 12.50 बजे अलीगढ़ से मथुरा निकल जाएंगे।
नुमाइश में बांस-बल्लियां लगाने का कार्य शुरू हो गया है। कार्यक्रम स्थल की जिम्मेदारी भाजपा नेता मानव महाजन एवं पवन शर्मा को सौंपी गई है। महानगर एवं जिला प्रभारी बाबूराम निषाद, रविंद्र भड़ाना एवं भानू प्रताप सिंह आदि अलीगढ़ में रहकर तैयारियों पर नजर रखे हुए हैं। साथ ही महानगर अध्यक्ष विवेक सारस्वत, मनीष राय आदि के साथ मिलकर वार्डों में मीटिंग ले रहे हैं। मंच को तीन फीट ऊंचा कर 8 फीट का किया जा रहा है, ताकि दूर बैठे लोगों को कोई परेशानी न हो।
मुख्यमंत्री का कार्यक्रम
- सुबह साढ़े दस बजे हैलीकाप्टर वीटी-एचजीएक्स द्वारा आईजीआई एयरपोर्ट नई दिल्ली से प्रस्थान
- सुबह साढ़े ग्यारह बजे-आईटीआई कालेज मैदान अलीगढ़ में आगमन
- 11.40 से 12.40 बजे-लाल ताल नुमाइश ग्राउंड में जनसभा
- 12.50 बजे-आईटीआई कालेज मैदान स्थित हैलीपैड पहुंचेंगे और मथुरा के लिए रवाना
राष्ट्रीय सह संगठन मंत्री पहुंचे
भाजपा के राष्ट्रीय सह संगठन मंत्री शिव प्रकाश गुरुवार देर शाम अलीगढ़ पहुंचे और पला रोड में पार्टी के पदाधिकारियों के साथ बैठक कर चुनाव तैयारियों का जायजा लिया। उन्होंने पार्टी नेताओं से कहा कि हर हाल में चुनाव जीतना है। इस दौरान क्षेत्रीय संगठन मंत्री भवानी सिंह, निकाय चुनाव प्रभारी, महानगर अध्यक्ष विवेक सारस्वत एवं मेयर प्रत्याशी राजीव अग्रवाल आदि मौजूद रहे।