महिला की मौत पर नर्सिंग होम पर हंगामा
ब्यूरो, अमर उजाला अलीगढ़।
अलीगढ़। महानगर के रामघाट रोड इलाके के एक नर्सिंग होम में इलाज करा रही महिला की रविवार दोपहर मौत के बाद परिजन बिफर गए। परिजनों ने डॉक्टर पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए जमकर हंगामा किया। बाद में परिजनों को पुलिस ने कार्रवाई का आश्वासन दिया। तब जाकर मामला शांत हुआ।
परिजनों की मानें तो धनीपुर निवासी 50 वर्षीय मुन्नीदेवी पत्नी महेश चंद्र अस्थमा रोग से पीड़ित थी। रविवार तड़के करीब साढ़े पांच बजे हालत बिगड़ने पर उसे रामघाट रोड के एक नर्सिंग होम में लाया गया। जहां दोपहर डेढ़ बजे तक इलाज जारी रहा। अचानक दोपहर में डॉक्टरों ने परिजनों को महिला की मौत की सूचना दी। इस पर परिजन यह कहते हुए बिफर गए कि इससे पहले न तो उन्हें बताया गया कि क्या परेशानी है। बस उनसे इलाज कराने के नाम पर रुपया लिया जाता रहा। हंगामे के दौरान खबर पर क्वार्सी पुलिस भी पहुंच गई। बाद में पुलिस ने तहरीर लेने व कार्रवाई का आश्वासन दिया। इसके बाद परिजन शव लेकर चले गए। मगर देर शाम तक कोई तहरीर नहीं दी थी।