मंडलीय खेलों में दूसरे दिन अलीगढ़ का दबदबा
ब्यूरो, अमर उजाला, हरदुआगंज (अलीगढ़)।
अग्रसेन इंटर कालेज में चल रही तीन दिवसीय मंडलीय खेल प्रतियोगिता के दूसरे दिन अलीगढ़ जिले के प्रतियोगियों ने अपना दबदबा बनाये रखा। विभिन्न खेलो में प्रथम, द्वितीय व तृतीय स्थानों पर सर्वाधिक मेडल अलीगढ़ की झोली में आए। विजेता खिलाड़ियों को डीआईओएस डा. धर्मेंद्र शर्मा ने मेडल प्रदान करते हुए उत्साह बढ़ाया।
लंबी कूद, ऊंची कूद, हैमर फेंक, भाला फेंक, 400 मीटर दौड़, 4000 मीटर दौड़, 100 मीटर बाधा दौड़ तथा 400 मीटर बाधा दौड़ आदि प्रतियोगिताएं दूसरे दिन हुईं। ऊंची कूद सीनियर बालिका वर्ग में प्रथम ज्योति सेंगर हाथरस, द्वितीय काजल अलीगढ़ तथा तृतीय स्थान पर रति अलीगढ़ रहीं।
तस्तरी फेंक में प्रथम पूजा चौहान कासगंज, द्वितीय जीवनधारा अलीगढ़ व तृतीय कविता अलीगढ़ रहीं। तीन हजार मीटर जूनियर बालक वर्ग में प्रथम रंजीत कुमार एटा, द्वितीय गुड्डू सिंह अलीगढ़ व तृतीय रवि कुमार अलीगढ़ रहे। तार गोला हैमर में प्रथम सुशील कुमार अलीगढ़, द्वितीय रोहित चौहान अलीगढ़ व तृतीय मनीष कुमार अलीगढ़ रहे।
विभिन्न प्रतियोगिताओं में करुण प्रकाश, ईश्वर दयाल वर्मा, राजेश प्रकाश, जितेंद्र कुमार, सतीश उपाध्याय, चंद्रभान, विनय प्रताप, समीक्षा सिंह, अशोक यादव, सतेंद्र सिंह, अतुल वर्मा, होरीलाल, जहांगीर हासमी, राशिद हुसैन, कंचन सिंह, जयप्रकाश शर्मा तथा ऋषि कुमार आदि खेल शिक्षकों ने प्रतियोगिता संपन्न कराई।