भाई की मौत पर घर आ रही बहन ट्रेन से कटी
ब्यूरो, अमर उजाला, चंडौस।
चंडौस के गांव सुदेशपुर में भाई की मौत पर ससुराल से मायके आ रही बहन की भी रास्ते में ट्रेन हादसे में मौत हो गई। परिवार में एक साथ दो जवान लोगों की मौत से परिवार समेत गांव वालों में भी मातम छा गया।
जानकारी पर चंडौस कोतवाल राजीव यादव भी मौके पर पहुंच गए। पुलिस ने शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा है।
जानकारी के अनुसार चंडौस के गांव सुदेशपुर के मजरा नगला बंजारा निवासी जुगेंद्र सिंह का 22 वर्षीय पुत्र सतेंद्र नायक पिछले कई वर्ष से अपने तीन अन्य भाइयों के साथ राजस्थान के उदयपुर में कपड़े का कारोबार कर रहा था।
30 जुलाई को उदयपुर में सड़क हादसे में सतेंद्र घायल हो गया था। उदयपुर में इलाज के दौरान 31 जुलाई को उसकी मौत हो गई। एक अगस्त को परिवार वाले शव लेकर गांव नगला बंजारा आए थे।
भाई की मौत की खबर पर दादों थाने के गांव कलुआ नगरा निवासी बहन सुनीता पत्नी गंगाधर (27) मायके आए रही थी। दौरऊ रेलवे फाटक पर बाइक से उतरकर सुनीता रेलवे ट्रैक पार करने लगी, तभी दोनों लाइनों पर आमने-सामने से ट्रेन आ गईं।
घबड़ाई सुनीता की साड़ी का पल्लू उड़कर एक ट्रेन में फंस गया, जिससे ट्रेन की चपेट में आकर मौत हो गई। बेटे की मौत का गम मना रहे परिवार तक बेटी की मौत की भी खबर पहुंची तो पूरे परिवार पर दु:खों का पहाड़ टूट पड़ा।