अस्पतालों में नहीं आग बुझाने का इंतजाम
ब्यूरो, अमर उजाला, अलीगढ़।
लखनऊ के किंग जार्ज मेडिकल कालेज के ट्रॉमा सेंटर में शनिवार को लगी भीषण आग में पांच मरीजों की जान चली गई, जिनमें 21 दिन का अबोध भी था। सीएम योगी आदित्यनाथ ने इस भीषण अग्निकांड के जांच के आदेश दे दिये हैं। लेकिन सवाल ये है कि अस्पतालों में आग बुझाने के इंतजामों की समीक्षा कब होगी?
अलीगढ़ में मलखान सिंह जिला अस्पताल, मोहन लाल गौतम महिला चिकित्सालय और पंडित दीनदयाल संयुक्त चिकित्सालय में रोजाना हजारों मरीज आते हैं। सैकड़ों मरीज भर्ती रहते हैं, लेकिन आग बुझाने के इंतजामों की समीक्षा की जाए तो मरीजों के साथ डाक्टरों और अफसरों के भी होश फाख्ता हो जाएंगे। कारण मलखान सिंह जिला अस्पताल और मोहन लाल गौतम महिला अस्पताल में कोई इंतजाम नहीं हैं। दीनदयाल में लगे सिस्टम बेकार हो चुके हैं। रविवार को भी किसी अधिकारी ने इसकी समीक्षा करना उचित नहीं समझा। अमर उजाला ने रविवार को इन अस्पतालों का जायजा लिया।