सीमांचल एक्सप्रेस में लूट पर पुलिस खामोश
ब्यूरो, अमर उजाला, अलीगढ़।
सीमांचल एक्सप्रेस में शुक्रवार की रात हुई लूटपाट के मामले में जीआरपी पुलिस ने चुप्पी साध ली है। दो थाने की बीच हुई इस वारदात को लेकर असमंजस की स्थिति है।
जीआरपी अलीगढ़ का कहना है कि वादी पक्ष की ओर से कोई तहरीर नहीं मिली है, जबकि टूंडला जीआरपी पूरे घटनाक्रम को मामूली सा विवाद बता कर टाल रही है। वहीं, रेलवे पुलिस के एएसपी और आईजी इस घटनाक्रम को लेकर बेहद गंभीर दिखाई दे रहे हैं।
बता दें कि शुक्रवार रात सीमांचल एक्सप्रेस के विकलांग कोच में घुसे बदमाशों ने तमंचा व चाकू के बल पर मुसाफिरों से मारपीट करते हुए पांच सौ रुपये लूट लिए थे। अलीगढ़ उतरे मुसाफिरों ने पूरे घटना की जानकारी जीआरपी को दी थी।
इस मामले में मुकदमे को लेकर पुलिस ने चुप्पी साध ली है। जीआरपी अलीगढ़ का कहना हैं कि पीड़ित की ओर से कोई तहरीर नहीं मिली है। उधर, जीआरपी टूंडला पूरे घटनाक्रम को आपसी विवाद से जोड़ रही है।
वहीं इस मामले को लेकर एसपी रेलवे शिवहरि मीणा व रेलवे आईजी ने गंभीरता दिखाई है। उन्होंने पूरे प्रकरण में दोनों थाना प्रभारी को तलब कर कार्रवाई के निर्देश भी दिए हैं।
अभी तक तीन लूट और 36 चोरी की हुई घटना
जनवरी से लेकर अब तक अलीगढ़ जीआरपी में तीन लूट और 36 चोरी की घटनाएं दर्ज हैं। जीआरपी प्रभारी सत्यप्रकाश ने बताया कि शताब्दी एक्सप्रेस व दूरंतो एक्सप्रेस में हुई लूट का खुलासा हो गया है। एक में छानबीन जारी है। ट्रेनों में 36 चोरी की घटनाएं हुई हैं, जिसमें से 18 खोल दी गई हैं।