अलीगढ़ के टप्पल थाना क्षेत्र के एक गांव में शनिवार को मानवता को शर्मसार करने वाली घटना सामने आई है। 12 वर्षीय मानसिक दिव्यांग बच्ची को घर में अकेला देखकर एक दरिंदे ने उसके साथ दुष्कर्म की घिनौनी वारदात को अंजाम दिया। घटना के बाद से इलाके के लोगों में आक्रोश है।
पीड़ित बच्ची के घर के लोग मजदूरी करने के लिए जंगल की ओर गए हुए थे। घर में 12 वर्षीय बच्ची बड़ी बहन के साथ अकेली थी। बहन किसी कार्य से कुछ देर के लिए पड़ोसी के घर चली गई और बच्ची घर में अकेली रह गई।
पड़ोस के ही रहने वाले एक 40 वर्षीय व्यक्ति ने बच्ची को अकेला देखकर घर के अंदर प्रवेश किया और बच्ची के साथ घिनौनी वारदात को अंजाम देने की कोशिश करने लगा।
बच्ची ने चीख-चिल्ला कर मदद मांगी। उसकी चीख पुकार सुनकर मौके पर आस-पड़ोस के लोग आ गए और आरोपी को रंगे हाथों पकड़ लिया। लोगों ने उसे जमकर मारा और पीड़ित बच्ची के घर में ही एक कमरे में बंद कर दिया।
पुलिस को तत्काल सूचना दी गई। घटना का जानकारी मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची आरोपी को हिरासत में लेकर थाने भेज दिया। वहीं, बच्ची को डॉक्टरी परीक्षण के लिए अलीगढ़ मलखान सिंह अस्पताल में भेज दिया गया है।