जिले में शुक्रवार देर रात सराफ व रियल एस्टेट कारोबारी के परिवार के छह सदस्यों सहित 12 पॉजिटिव मिले। रियल एस्टेट कारोबारी की बीते मंगलवार को कोरोना से मौत हो गई थी। मृतक के बड़े इंजीनियर भाई, भाभी और भतीजा लखनऊ में पॉजिटिव निकले। देर रात सभी 12 संक्रमित मरीजों को उनके घरों से आइसोलेशन सेंटर ले जाने के लिए टीमें लगी थीं।
बीते बृहस्पतिवार को संक्रमित तीन लोगों की मौत के बाद शुक्रवार सुबह लोगों में दहशत का माहौल था। दिन भर रिपोर्ट जारी न होने के बाद लोगों ने राहत महसूस की। लेकिन सराफ कारोबारी परिवार की रिपोर्टों का बेसब्री से इंतजार था। देर रात जेएन मेडिकल कॉलेज ने 12 पॉजिटिव लोगों की रिपोर्ट जिला प्रशासन को सौंप दी।
इसमें सासनी गेट थाना क्षेत्र के एडीए कालोनी निवासी सराफ कारोबारी के परिवार से छह सदस्य संक्रमित मिले। 60 वर्षीय पत्नी, 40 व 38 वर्षीय दोनों बेटे, 38 व 36 वर्षीय दोनों बेटों की पत्नियां व एक 11 साल का नाती पॉजिटिव हैं। इनके अलावा सासनी गेट थाना क्षेत्र के गंभीरपुरा के मृत हार्डवेयर सप्लायर की 48 वर्षीय पत्नी व 21 वर्षीय बेटी भी संक्रमित हैं। एक 50 वर्षीय महिला दुर्गापुरी, सासनी गेट, 60 वर्षीय महिला तुर्कमान गेट कोतवाली, 50 वर्षीय व्यक्ति मानिक चौक कोतवाली और एक जयगंज से युवक पॉजिटिव है।
-शुक्रवार को जिले में 12 लोगों की कोरोना पॉजिटिव रिपोर्ट आई हैं। इनमें अधिकांश मृत सराफ कारोबारी और गंभीरपुरा के हार्डवेयर सप्लायर परिवार या उनके संपर्क के हैं। बाकी लोगों की हिस्ट्री खोजी जा रही है।
-चंद्रभूषण सिंह डीएम