डेस्क न्यूज, अमर उजाला, अलीगढ़
बरौला जाफराबाद एवं ऊदला इलियासपुर के आसपास के गांवों के निवासी भयंकर बदबू से बेहद परेशान है। आलम यह है कि इससे परेशान होकर छोटे-छोटे बच्चे उल्टी करने लगते हैं और खाना तक नहीं खा पाते। स्थलीय निरीक्षण के बाद बरौली विधायक ठाकुर दलवीर सिंह ने बुलंदशहर की घटना से सबक लेकर अवैध कट्टी को सख्ती से रोकने को कहा है लेकिन विधायक की इस नसीहत पर भी प्रशासनिक अधिकारी चेते नहीं रहे हैं।
ग्राम बरौला जाफराबाद के निवासियों द्वारा बरौली विधायक ठाकुर दलवीर सिंह से कट्टी घर से नाले में खून तथा अवशेष डालने व भयंकर बदबू की शिकायत की गई। स्थिति का आंकलन करने विधायक स्वयं ऊदला इलियासपुर पहुंचे। नाले में बह रहे पानी का रंग लाल था तथा जगह-जगह अवशेष भी दिखाई दे रहे थे। फैक्ट्री के समीप संचालित सरकारी स्कूल के बच्चों ने विधायक को बताया कि फैक्ट्री से निकलने वाले अवशेष को जब ले जाया जाता है तो क्लास में भयंकर बदबू आती है। कई बार छात्रों को उल्टी हो जाती है। बदबू के कारण खाना नहीं खा पाते तथा पढ़ाई से मन विचलित होता है। विधायक ने बताया कि कट्टीघरों से होने वाले प्रदूषण व बदबू की समस्या से वह सरकार के मुख्य सचिव को अवगत करा चुके हैं। उन्होंने उच्च स्तरीय जांच के निर्देश दिये हैं। जिला स्तरीय अधिकारियों को भी विधायक ने समस्या से अवगत करा दिया है तथा बुलंदशहर की घटना से सबक लेते हुए जनपद में अवैध कट्टी को सख्ती से रोकने के लिए भी कहा है। उल्लेखनीय है कि अलीगढ़ में नौ पशु वधशालाएं संचालित हैं, जिनकी क्षमता प्रतिदिन 7700 पशु कटान की है।
विभाग के अधिकारी कट्टी घर के आसपास के नालों से पानी का नमूना लेकर आए हैं। उसकी जांच की जा रही है। सोमवार या मंगलवार तक रिपोर्ट आने की उम्मीद है। रिपोर्ट आने के बाद एडीएम सिटी के पास भेज दिया जाएगा।
- रामगोपाल, क्षेत्रीय अधिकारी, उत्तर प्रदेश प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड
मुख्यमंत्री से की गई शिकायत
- अलीगढ़ में नौ पशु वधशालाएं संचालित, प्रतिवर्ष करीब 29 लाख पशुओं का कटान
- अयोग्य दुधारू एवं पशुओं के छोटे बच्चों का कटान
- एंटीमार्टम एवं पोस्टमार्टम वास्तविक संख्या से कम पशु संख्या दिखाकर फीस जमा की जा रही है
- पशुओं के अवशेष आसपास के नाले में बहाए जा रहे, जिसके कारण आसपास के क्षेत्र प्रदूषित
- कुछ लोग खून को बोरिंग के माध्यम से सीधे जमीन में डाल रहे
- रोग ग्रस्त एवं मृत पशुओं का कटान कर मीट सप्लाई
--